राजस्थान की राजधानी जयपुर में बीते साल हैरान कर देने वाला मामला सामने आया था। यहां एक 9 साल की छात्रा अमायरा ने बुलिंग (Bullying) से तंग आकर स्कूल की चौथी मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी थी। ये घटना नीरजा मोदी स्कूल में घटी थी। अब इस चर्चित मामले में 9 वर्षीय छात्रा अमायरा के मामले में परिवार ने उस दिन के घटनाक्रम के सीसीटीवी फुटेज को जारी कर नया खुलासा किया है। इस बीच घटना के करीब आठ महीने बाद पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। लेकिन अमायरा के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में दबाव में काम किया है।
परिवार ने क्या आरोप लगाया?
छात्रा अमायरा के परिवार का कहना है कि चार्जशीट में स्कूल की प्रिंसिपल और क्लास टीचर के खिलाफ बेहद हल्की धाराओं में आरोप पत्र पेश किया गया है। सीसीटीवी फुटेज में उस दिन के क्लासरूम के फुटेज हैं। परिवार का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ छात्र अमायरा को डिजीटल स्लेट पर कुछ लिखकर दिखाकर तंग कर रहे थे। परिवार का आरोप है कि फुटेज में नजर आ रहा है कि अमायरा परेशान हो गई थी और क्लास टीचर से भी इस बात की शिकायत की थी लेकिन क्लास टीचर ने एक्शन नहीं लिया था।
एक्शन नहीं लेने से परेशान हुई छात्रा- परिवार
आत्महत्या करने वाली छात्रा के परिवार का आरोप है कि एक्शन नहीं लेने से परेशान होकर अमायरा ने छलांग लगाकर खुदकुशी की थी। आपको बता दें कि जयपुर के मानसरोवर इलाके की रहने वाली चौथी क्लास की छात्रा अमायरा (9 वर्ष) ने पिछले साल 1 नवंबर को स्कूल बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी थी। इस दर्दनाक घटना का लाइव सीसीटीवी (CCTV) वीडियो भी सामने आया था, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें- अपनी उम्र से बड़ी गर्लफ्रेंड के साथ होटल में रुका था शादाब, सोती रही प्रेमिका, फांसी पर झूल गया प्रेमी