जयपुर: राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो गया है। गर्मी पूरे राजस्थान में लू का कहर बरपा रही है। पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। वहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में गर्मी ने 56 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और आधे से ज्यादा राजस्थान का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। राज्य में सबसे गर्म स्थान पश्चिमी राजस्थान का बाड़मेर दर्ज किया गया।
मुख्य जिलों का अधिकतम तापमान ये रहा-
सोमवार को बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र (जयपुर) के अनुसार फिलहाल राज्य के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है जो सामान्य से पांच से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। सोमवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 45.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6.8 डिग्री ज्यादा है। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ में 44.4 डिग्री, अजमेर में 42.1 डिग्री, अलवर में 41.5 डिग्री, जयपुर में 41.8 डिग्री, सीकर में 41.5 डिग्री, कोटा में 44.1 डिग्री, जैसलमेर में 45.4 डिग्री, जोधपुर में 43.3 डिग्री, बीकानेर में 44.3 डिग्री, चूरू में 43.3 डिग्री और श्री गंगानगर में 43.3 डिग्री और माउंट आबू में 31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
इन जिलों में लू का सबसे ज्यादा असर-
इसके अनुसार राज्य में आगामी दो-चीन दिन मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में दो डिग्री तक की और बढ़ोतरी होने की संभावना है। तेज गर्मी एवं लू का सबसे अधिक असर 8 से 9 अप्रैल के दौरान बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा एवं जयपुर संभागों के अधिकतर क्षेत्रों में रहेगा। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर और कोटा संभागों में कहीं-कहीं भीषण गर्मी पड़ सकती है।
हालांकि 10-11 अप्रैल से एक नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से राज्य के पश्चिमी एवं उत्तरी भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, आंधी के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। फलस्वरूप तापमान में दो-तीन डिग्री गिरावट होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें-
अप्रैल में क्यों बढ़ रही गर्मी; क्या है बढ़ते तापमान की वजह? इस साल ज्यादा निकलेगा पसीना
विदर्भ में गर्मी का कहर, तापमान 42 डिग्री के पार, मौसम विभाग की चेतावनी जारी