1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान में कड़ाके की ठंड, पहाड़ी में तापमान माइनस 3, कई जगहों पर बर्फ जमी

राजस्थान में कड़ाके की ठंड, पहाड़ी में तापमान माइनस 3, कई जगहों पर बर्फ जमी

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Dec 15, 2024 11:17 am IST,  Updated : Dec 15, 2024 11:17 am IST

पहाड़ी इलाकों में तापमान माइनस तीन डिग्री तक पहुंच रहा है। वहीं, शहरी इलाकों में भी न्यूनतम तापमान दो डिग्री से भी कम है। कई जगहों पर बर्फ जम रही है। लोग आग जलाकर बैठ रहे हैं।

Snow- India TV Hindi
राजस्थान में जमी बर्फ Image Source : INDIA TV

राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी है। कई जिलों में पारा शून्य के नीचे जा रहा है। सिरोही जिले में भी सर्दी का प्रकोप जारी है। हिल स्टेशन माउंट आबू पर सर्द हवाओं से लगातार ठिठुरन बढ़ रही है। उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं से माउंट आबू में कड़ाके की सर्दी का दौर पांचवे दिन शनिवार को भी जारी रहा। सुबह जगह-जगह बर्फ जमी नजर आई। शनिवार को सुबह अलग- अलग जगह पारे में उतार-चढ़ाव रहा। कुम्हारवाड़ा, चाचा म्यूजियम, पोलो ग्राउंड, मुख्य बाजार, गुरु शिखर, हेटमजी, आरना, ओरिया, अचलगढ़ में पारा माइनस 2 डिग्री तक लुढका, जबकि नक्की झील समेत शहर में पारा 1.3 डिग्री दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को शहर का न्यूनतम पारा 1.2 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया है। माउंट आबू शहर के कुम्हारवाड़ा और पोलो ग्राउंड के आसपास पारा -2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया है, इसके चलते फूल पत्तियों, पोलो मैदान समेत गाड़ियों के कांच पर बर्फ की मोटी परत दिखाई दी।

अलाव और गर्म कपड़ो का सहारा

सुबह बर्फ की चादर दिखने से सैलानी बर्फ के साथ मस्ती करते दिखे। सर्दी के तेवर तेज होने के चलते लोगों की दिनचर्या देरी से शुरू हो रही है तथा धूप निकलने के बाद लोग अपने रोजमर्रा के कार्य कर रहे हैं। लोग अलाव और गर्म कपड़ो के सहारे सर्दी से बचने का जतन कर रहे हैं। पर्यटक चाय की चुस्कियों के साथ गर्म व्यंजनों के सहारे मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं। साथ ही बर्फ को देख पर्यटक रोमांचित हो उठे।

Snow
Image Source : INDIA TVकार के ऊपर जमी बर्फ

मैदानी इलाके सर्द, दिन में भी चल रही शीतलहर

माउंट आबू के साथ जिले के मैदानी क्षेत्रों में भी कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दिन में भी बर्फीली हवाएं चल रही हैं। जिससे लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों से लदे रहना पड़ता है। मौसम विभाग के अनुसार 15 दिसंबर से हवा की दिशा में थोड़ा बदलाव होगा। अभी उत्तरी हवा चल रही है, जो 15 दिसंबर और उसके बाद से उत्तर-पश्चिम होने की संभावना है। इस कारण राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में सर्द हवा (कोल्ड-वेव) का प्रभाव कम होगा और दिन के साथ-साथ रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी संभव है।

फतेहपुर में तापमान शून्य से नीचे

फतेहपुर में न्यूनतम तापमान लगातार कई दिन से शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर शीत लहर व एक दो स्थानों पर ‘अति शीत लहर’ दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात फतेहपुर में न्यूनतम तापमान शून्य ये 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। इसके अलावा चुरू में न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री, भीलवाड़ा में 2.2 डिग्री,संगरिया, पिलानी व सिरोही में 2.6 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 3.2 डिग्री और अलवर में 4.0 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के अधिकतर शहरों में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम बना हुआ है।

(सिरोही से सुनील आचार्य की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।