राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां पिछले 24 घंटों में जयपुर समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने पारे को नीचे गिराया है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भीषण लू और झुलसाने वाली गर्मी की चेतावनी जारी की है।
मौसम केंद्र जयपुर के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह तक बीते 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई। जयपुर के शाहपुरा में सबसे अधिक 68 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। आज भी कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग के साथ-साथ उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
3-4 दिनों में बदलेगा मौसम का मिजाज
अगले 72 से 96 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। हालांकि, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश और गर्जना जारी रह सकती है।
9 मई से शुरू होगा 'गर्मी का टॉर्चर'
बारिश का दौर थमते ही राजस्थान तपने के लिए तैयार है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा। 9 मई से सीमावर्ती क्षेत्रों में तेज गर्मी का नया दौर शुरू होगा। 8 से 11 मई के बीच जोधपुर और बीकानेर संभाग के सीमावर्ती इलाकों में भीषण लू चल सकती है, जहां पारा 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें-
बंगाल में कांग्रेस ने छीनी 2 सीटें, फरक्का में बीजेपी को पछाड़ी, तो रानीनगर में TMC को दी मात