Vivah Panchami 2025: श्री राम विवाहोत्सव यानि विवाह पंचमी प्रत्येक वर्ष मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को मनाई जाती है। माना जाता है कि इसी दिन मिथिला में सीता स्वयंवर जीतकर भगवान श्री राम ने माता सीता से विवाह रचाया था। 25 नवंबर 2025 को विवाह पंचमी का त्योहार मनाया जाएगा। इस दिन सीता-राम का विवाह करवाने की परंपरा है और साथ ही इस दिन विधि-विधान से सीता और राम जी की पूजा की जाती है। साथ ही नीचे दिए गए उपायों को अगर आप इस दिन करते हैं तो वैवाहिक जीवन में अच्छे बदलाव आते हैं और आपकी सभी मनोकामनाएं भी पूरी हो सकती हैं।
विवाह पंचमी के उपाय
- अगर आप परिवार में सबके साथ प्रेम भाव बनाये रखना चाहते हैं, तो विवाह पंचमी के दिन मन्दिर में गंगाजल के छींटे मारकर श्री राम और माता सीता का ध्यान करें और इस चौपाई का 11 बार पाठ करें। चौपाई इस प्रकार है- सब नर करहि परस्पर प्रीती। चलहि स्वधर्म निरत श्रुति नीती। ऐसा करने से परिवार में सबके साथ आपका प्रेमभाव बना रहेगा।
- अगर आप अपने परिवार को जोड़े रखना चाहते हैं, अपने परिवार को हर किसी की बुरी नजर से बचाये रखना चाहते हैं, तो विवाह पंचमी के दिन आपको अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर तिल, जौ और गुग्गुल से घर पर ही एक छोटा-सा हवन करना चाहिए। हवन के लिये ध्यान रहे कि जौ के मुकाबले तिल दो गुना होना चाहिए और गुग्गुल आदि हवन सामग्री जौ के बराबर होनी चाहिए। विवाह पंचमी के दिन अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर हवन करने से आपके परिवार में हमेशा जुड़ाव रहेगा और बुरी नजर से आपके परिवार का बचाव होगा।
- अगर आप अपने बच्चों के रिश्ते के संबंध में शहर से बाहर यात्रा पर जा रहे हैं और आप चाहते हैं कि आपको बीच में किसी तरह की कोई परेशानी न आये और आपकी यात्रा सफल हो जायें, तो विवाह पंचमी के दिन आप श्री राम की इस चौपाई का 11 बार जप कीजिये। चौपाई है- प्रबिसि नगर कीजै सब काजा। हृदय राखि कौशलपुर राजा। ऐसा करने से आपकी यात्रा सफल होगी और आपका काम भी बनेगा।
- अगर आप अपने जीवनसाथी की लंबी उम्र की कामना करती हैं, तो विवाह पंचमी के दिन एक डिब्बी में सिंदूर लेकर भगवान राम और माता सीता के चरणों में रखिये और उनकी विधि-पूर्वक धूप-दीप आदि से पूजा कीजिये। पूजा के बाद उस सिंदूर की डिब्बी को उठाकर अपनी पत्नी को भेंट कर दें। अगर आप खुद एक महिला हैं, तो अपने पति से कहिये कि वो सिंदूर की डिब्बी उठाकर आपको दे दें और आपकी मांग में थोड़ा-सा सिंदूर भी लगा दें। ऐसा करने से आपके जीवनसाथी की उम्र लंबी होगी और उनके जीवन में किसी तरह की परेशानी नहीं आयेगी।
- अगर आप बिजनेस में खूब धन की प्राप्ति करना चाहते हैं, तो विवाह पंचमी के दिन स्नान आदि के बाद आपको माता सीता सहित भगवान श्री राम की विधि-पूर्वक पूजा करके श्री राम के इस मंत्र का 21 बार जप करना चाहिए। मंत्र इस प्रकार है–श्रीं रामाय नमः। मंत्र जप के साथ ही अगर संभव हो तो श्री राम यंत्र की स्थापना भी कीजिये। आपको बिजनेस में खूब धन की प्राप्ति होगी।
- अगर आप हर तरह की बुराईयों से और संकटों से अपनी रक्षा करना चाहते हैं, तो विवाह पंचमी के दिन आपको भगवान श्री राम का ध्यान करते हुए श्री राम रक्षा स्तोत्र का पाठ करना चाहिए। ऐसा करने से आप हर तरह की बुराईयों से और संकटों से अपनी रक्षा करने में समर्थ होंगे।
- अगर आप किसी विशेष मनोरथ की प्राप्ति करना चाहते हैं, यानि अपनी कोई विशेष इच्छा पूरी करना चाहते हैं, तो विवाह पंचमी के दिन श्री राम की तस्वीर के आगे बैठकर उनकी इस चौपाई का पाठ करें। चौपाई इस प्रकार है-मोर मनोरथु जानहु नीके। बसहु सदा उर पुर सबही के। इस प्रकार 21 बार चौपाई का पाठ करके भगवान श्री राम को पुष्प अर्पित करें और उन्हें बेसन से बनी मिठाई का भोग लगाएं। ऐसा करने से आपको अपने विशेष मनोरथ की प्राप्ति अवश्य ही होगी।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें-
Mangal Ki Mahadasha: मंगल की महादशा किन राशियों के लिए होती है शुभ, कैसे मिलते हैं परिणाम? जानें