Guruwar Ke Upay: सनातन धर्म में गुरुवार का दिन भगवान विष्णु को समर्पित हैं। शास्त्रों में आज के दिन विष्णु जी की विशेष पूजा का विधान बताया गया है। वहीं, गुरुवार को परिघ योग और पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र के प्रभाव रहेगा। ऐसे में आचार्य इंदु प्रकाश द्वारा आज के दिन किए गए कुछ विशेष उपाय जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। जो न केवल आपके रिश्तों को मजबूत करेंगे, बल्कि जीवन की परेशानियों को दूर करने, सफलता दिलाने और मानसिक शांति बनाए रखने में भी सहायक साबित होंगे।
परेशानियों से छुटकारा पाने का उपाय
आज के दिन से शुरू करके अगले पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र तक प्रतिदिन एक नीले रंग का फूल लेकर घर के बाहर किसी गंदे नाले में बहा दें। आपको यहां बता दूं कि अगला पूर्वाषाढ़ा नक्षत्र 7 मई को पड़ रहा है और यह उस दिन शाम 6 बजकर 46 मिनट पर समाप्त होगा। आज के दिन ये उपाय करने से आपके जीवन की सारी परेशानियों का अंत होगा।
जीवन में जीत सुनिश्चित करने का उपाय
आप जीवन के हर क्षेत्र में अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते है तो आज के दिन जलवेतस, यानी केन के पेड़ की उपासना करनी चाहिए और उसकी जड़ में पानी डालना चाहिए। साथ ही इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि आज के दिन आप जलवेतस, यानी केन के पेड़ को, उसकी लकड़ियों को या उसकी लकड़ी से बने फर्नीचर को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचाएं। अगर उपासना के लिये आपको जलवेतस, यानी केन का पेड़ न मिले तो इंटरनेट से उसकी फोटो डाउनलोड करके, उसके दर्शन कर लें।
परिवारिक रिश्तों को मजबूत करने का उपाय
आज के दिन दही का कुछ बनाकर, पहले अपने ईष्टदेव को भोग लगाएं, उसके बाद प्रसाद के रूप में वह परिवार के सब सदस्यों में बांट दें। अगर आप दही का कुछ न बना पाएं, तो केवल दही लेकर, उसमें थोड़ा-सा मीठा डालकर अपने ईष्टदेव को भोग लगाएं और बाद में उसे परिवार के सब सदस्यों में बांट दें। साथ ही स्वयं भी थोड़ा-सा प्रसाद ग्रहण कर लें। ऐसा करने से परिवार के सदस्यों के साथ आपके रिश्ते और भी मजबूत होंगे।
विदेश में पढ़ाई के लिए उपाय
अगर आप पढ़ाई के सिलसिले में विदेश जाना चाहते हैं, लेकिन आपका काम नहीं बन पा रहा है तो आज के दिन अपने गुरु या अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेकर देवगुरु बृहस्पति के इस मंत्र का जाप करें। मंत्र इस प्रकार है- ॐ ग्रां ग्रीं ग्रौं स: बृहस्पतये नम: ।
दाम्पत्य संबंधों की मजबूती के उपाय
आज के दिन अपने जीवनसाथी के साथ किसी साफ पानी के स्रोत, किसी नदी, तालाब या पोखर के पास जाएं और वहां जाकर, उस स्रोत के जल को दोनों हाथों में लेकर, वरुण देव का ध्यान करते हुए और अपने रिश्ते की मजबूती के लिये भगवान से प्रार्थना करते हुए, जल को धीरे-धीरे करके वापस उसी पानी के स्रोत में डाल दें। लेकिन अगर आपका जीवनसाथी किसी काम में व्यस्त है या आपसे कहीं दूर है, तो आप स्वयं ही साफ पानी के किसी स्त्रोत के पास जाकर अपने और अपने जीवनसाथी के निमित्त यह उपाय कर लें। और अगर आप किसी ऐसी जगह पर न जा पायें, तो घर पर ही नल का साफ पानी लेकर, उत्तर दिशा की तरफ मुंह करके, वरुण देव का ध्यान करते हुए ये उपाय कर लें। ऐसा करने से आपके दाम्पत्य संबंधों की मजबूती हमेशा बरकरार रहेगी।
संतान की चिंता दूर करने का उपाय
अगर अपनी संतान की गतिविधियों के प्रति आपको हमेशा चिंता बनी रहती है, तो आज के दिन आपको एक नया पीले रंग का कपड़ा लेकर, उसे अपनी संतान के हाथों से स्पर्श कराकर विष्णु मन्दिर में चढ़ाना चाहिए। साथ ही इस मंत्र का 11 बार जप करना चाहिए। मंत्र है - ऊँ ऐं क्लीं बृहस्पतये नमः।
निगेटिव सिचुएशन से बचने का उपाय
अगर आप जीवन में निगेटिव सिचुएशन से बचे रहना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको भगवान विष्णु की पूजा के समय पांच गोमती चक्र लेकर भगवान के सामने रखने चाहिए और उनकी विधि-विधान पूर्वक धूप-दीप आदि से पूजा करनी चाहिए। पूजा के बाद उन गोमती चक्र को उठाकर, एक पीले रंग के कपड़े में बांधकर अपने पास रख लें।
जिम्मेदारियों को अच्छे से निभाने का उपाय
अगर आप अपनी जिम्मेदारियों का अच्छे से निर्वहन करना चाहते हैं, यानी उन्हें बिना किसी परेशानी के अच्छे से निभाना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको ऊँ नमो भगवते नारायणाय। इस मंत्र का 108 बार जप करना चाहिए और मंत्र जप के बाद श्री विष्णु को पीले रंग के फूल अर्पित करने चाहिए।
शादीशुदा जीवन में की बाधा ऐसे करें दूर
अगर आपके दाम्पत्य संबंधों की खुशहाली में कोई तीसरा अड़चनें डाल रहा है, तो उससे अपना पीछा छुड़ाने के लिये आज के दिन आपको एक मुट्ठी मसूर की दाल लेनी चाहिए और उसे अपने जीवनसाथी के हाथों से सात बार स्पर्श कराना चाहिए। स्पर्श कराने के बाद उस मसूर की दाल को किसी साफ बहते जल में प्रवाहित कर दें।
नौकरी में लाभ पाने का उपाय
अगर आप नौकरी में लाभ की स्थिति सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको आम के साफ-सुथरे पांच पत्ते लेकर उन्हें पानी से धोना चाहिए और उन पर रोली से श्री लिखकर विष्णु भगवान को अर्पित करना चाहिए।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)