हरियाली तीज के दिन माता पार्वती और भगवान शिव की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनि देव भगवान शिव के परम भक्त हैं। इसलिए हरियाली तीज के दिन कुछ विशेष कार्य करके आप शनि के दुष्प्रभावों को कम कर सकते हैं। आपको बता दें कि वर्तमान में मेष, कुंभ और मीन राशि साढ़ेसाती के प्रभाव में हैं। ऐसे में अगर ये हरियाली तीज के दिन कुछ विशेष उपाय कर लेते हैं तो शनि का बुरा प्रभाव कम हो सकता है। इन राशियों को क्या उपाय इस दिन करने चाहिए, आइए जानते हैं।
मेष राशि
मेष राशि के लोग इसी साल साढ़ेसाती की चपेट में आए हैं। शनि की साढ़ेसाती के चलते इनको आर्थिक हानि हो सकती है, साथ ही करियर में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए मेष राशि के जातकों को हरियाली तीज के दिन शिवजी की पूजा करनी चाहिए और साथ ही शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित करना चाहिए। वहीं भगवान शिव के मंत्रों का जप करना भी इस दिन आपके लिए शुभ रहेगा। इन उपायों के साथ ही इस दिन काले कपड़ों का दान भी आप कर सकते हैं। अगर हरियाली तीज पर आप इन कार्यों को करते हैं तो शिव जी की कृपा तो आपको मिलती ही है, साथ ही साढ़ेसाती के बुरे प्रभावों से भी आप बचते हैं।
कुंभ राशि
शनि की साढ़ेसाती के चलते आपके आर्थिक पक्ष पर बुरा असर पड़ सकता है। साथ ही पारिवारिक जीवन में भी उतार-चढ़ाव का सामना इस राशि के जातक कर सकते हैं। इसलिए शनि के स्वामित्व वाली कुंभ राशि के जातकों को हरियाली तीज के दिन जल में तिल मिलाकर शिवलिंग पर अर्पित करना चाहिए। इसके सात ही शनि ग्रह के बीज मंत्र (ॐ प्रां प्रीं प्रौं सः शनैश्चराय नमः) का जप भी एकांत में बैठकर आप कर सकते हैं। इन कार्यों को हरियाली तीज के दिन करने से आपके जीवन में खुशहाली आएगी। शनि की साढ़ेसाती का बुरा असर इन कार्यों को करने से बहुत हद तक कम हो सकता है।
मीन राशि
मीन राशि के जातक को कारोबार में दिक्कतें आ सकती हैं। आपकी वाणी में भी कड़वाहट शनि की साढ़ेसाती के कारण होगी, जिसके चलते कई बने-बनाए काम भी बिगड़ सकते हैं। साथ नौकरी पेशा लोगों को भी विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए शनि के साढ़ेसाती के असर को कम करने के लिए हरियाली तीज के दिन आपको शिवलिंग पर शहद चढ़ाना चाहिए। इसके साथ ही आप गंगाजल और बेलपत्र भी शिवलिंग पर चढ़ाएं। ये आसान से कार्य साढ़ेसाती के असर को कम कर सकते हैं। इन उपायों को करने से बिगड़ते काम भी बन सकते हैं, धन -धान्य से जुड़ी समस्याओं से भी आपको निजात मिल सकती है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
Mangal Gochar: मंगल 28 जुलाई को बदलेंगे चाल, बिगड़ सकते हैं इन 3 राशियों के आर्थिक हालात; रहें सतर्क