May 2025 Grah Gochar: मई का महीना ज्योतिषीय दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। इस महीने 6 ग्रह राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं। महीने के पहले हफ्ते में बुध ग्रह मेष राशि में गोचर करेंगे। गुरु वृषभ राशि से निकलकर 14 मई को मिथुन राशि में प्रवेश कर जाएंगे। सूर्य का मेष से वृषभ राशि में गोचर 15 मई को होगा। 18 मई को राहु मीन से कुंभ में और केतु कन्या से सिंह राशि में गोचर करेंगे। वहीं महीने के अंत में शुक्र का गोचर मेष राशि में होगा। ग्रहों की स्थिति में बदलाव 3 राशियों की कदम-कदम पर परीक्षा ले सकता है। आइए जानते हैं इन राशियों के बारे में।
मिथुन राशि
मई का महीना करियर के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रह सकता है। इस दौरान आपकी योग्यता की कड़ी परीक्षा होगी। आपके छोटे-छोटे काम पर भी सीनियर्स की नजर हो सकती हैं इसलिए सतर्क रहें। आवश्यकता से अधिक किसी पर भी भरोसा करने से बचें। लोगों के बीच बहुत ज्यादा तर्क-वितर्क करना आपकी छवि को धूमिल कर सकता है। धन हानि के चलते आप मानसिक तनाव में आ सकते हैं, इस दौरान वित्त सलाह लेना आपके लिए उचित रहेगा। मई के महीने में सही बजट बनाकर आगे बढ़ना ही आपके लिए सही साबित हो सकता है। उपाय के तौर पर हरे वस्त्रों का दान करें।
तुला राशि
पारिवारिक जीवन में प्रतिकूल स्थिति बन सकती है। पैसे से जुड़े किसी मामले को लेकर घर के लोगों के साथ मनमुटाव होने की आशंका है। मई महीने में कार्यक्षेत्र में काम का दबाव भी आप पर बहुत अधिक रह सकता है, जिसके कारण जीवन के अन्य पक्ष पर कम ध्याान दे पाएंगे। किसी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करना आपको भारी पड़ेगा। इस राशि के जो लोग एक रिश्ते में होते हुए भी किसी अन्य के साथ संपर्क में हैं तो उनकी पोल खुलने से कलेश हो सकता है। विद्यार्थियों की एकाग्रता का स्तर कम होगा जिससे शिक्षा क्षेत्र में परेशानियां आ सकती हैं।
मीन राशि
किसी भी काम को कल पर टालना इस महीने आपको भारी पड़ेगा, ऐसा करने से मुश्किलों में पड़ सकते हैं। ज्यादा सोच-विचार करने की बजाय इस महीने काम पर फोकस करें। आपके धैर्य की इस महीने परीक्षा होगी, कई ऐसी स्थितियां इस महीने पैदा होंगी जिनके चलते आपको मानसिक तनाव हो सकता है। वैवाहिक जीवन की गाड़ी नोकझोंक के साथ आगे बढ़ेगी। कुछ लोग सट्टेबाजी या निवेश के चक्कर में पड़कर पैसा गंवा सकते हैं। हड्डियों और श्वास से जुड़ी दिक्कतें आपको हो सकती हैं, सावधान रहें।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इंडिया टीवी इस बारे में किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं करता है। इसे सामान्य जनरुचि को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है।)
Navpancham Yog: राहु-गुरु अचानक पलट देंगे इन 3 राशियों की किस्मत, मई में इस दिन बनाएंगे नवपंचम योग