1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Hastrekha Shastra: भाग्यशाली लोगों के हाथों में होती हैं इस तरह की लकीरें, जीवन में बड़े धन लाभ और सौभाग्य का हैं प्रतीक

Hastrekha Shastra: भाग्यशाली लोगों के हाथों में होती हैं इस तरह की लकीरें, जीवन में बड़े धन लाभ और सौभाग्य का हैं प्रतीक

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Aug 22, 2024 03:51 pm IST,  Updated : Aug 22, 2024 03:51 pm IST

Hastrekha Shastra: हाथ में कुछ ऐसी रेखाएं होती हैं, जिन्हें बेहद शुभ माना जाता है। आज इन्हीं रेखाओं की जानकारी हम आपको अपने इस लेख में देंगे।

Palmistry - India TV Hindi
Palmistry Image Source : FILE

Hastrekha Shastra: हस्तरेखा शास्त्र में हाथ की हर रेखा को महत्वपूर्ण माना जाता है। हर रेखा आपके जीवन के किसी न किसी पहलू के बारे में बताती है। हाथ में कुछ रेखाएं ऐसी होती हैं जिन्हें बेहद शुभ माना जाता है, जबकि कुछ रेखाएं जीवन में चुनौतियों का संकेत भी मानी गई हैं। हालांकि आज हम आपको उन रेखाओं के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका किसी भी व्यक्ति के हाथ में होना सकारात्मकता का प्रतीक होता है। ये रेखाएं जिनके भी हाथ में होती हैं, भाग्य उनका साथ देता है और जीवन में वो सफलता भी अर्जित करते हैं। आइए अब विस्तार से जानते हैं, इन रेखाओं के बारे में। 

सूर्य और गुरु पर्वत हों ऐसे

अगर किसी व्यक्ति के हाथ का गुरु पर्वत जो कि तर्जनी उंगली (Index Finger) के ठीक नीचे होता है वो, और सूर्य पर्वत जोकि अनामिका (Ring Finger) उंगली के नीचे होता है दोनों उठे हुए हों तो व्यक्ति को जीवन में खुब शोहरत और धन की प्राप्ति होती है। ऐसे लोगों का रुतबा समाज में बहुत अधिक होता है और साथ ही करियर के क्षेत्र में भाग्य इनका साथ देता है। ऐसे लोग काम करने के मामले में भी बहुत तीव्र होते हैं, जो काम लोग घंटों में पूरा करते हैं उसे ये चंद लम्हों में खत्म कर सकते हैं। 

मणिबंध से निकली रेखा पहुंच जाए शनि पर्वत तक
अगर किसी व्यक्ति के हाथ में मणिबंध से निकलकर कोई रेखा शनि पर्वत तक पहुंच जाती है तो ये बहुत शुभ संकेत होता है। हालांकि यह देखना भी जरूरी होता है कि रेखा बीच में कटी हुई न हो। ऐसी रेखा हजारों में एक व्यक्ति की होती है, लेकिन जिसके भी हाथ में ये रेखा होती है वो जीवन में ख्याति प्राप्त करता है। ऐसे लोग भाग्यशाली तो होते ही हैं, साथ में खूब मेहनत भी करते हैं। इनका दिमाग स्पष्ट होता है, इसलिए हर कार्य को ये बहुत सलीके से करते हैं। 

हाथ में हों दो सूर्य रेखा
किसी भी हथेली में दो सूर्य रेखाओं का होना बहुत कम ही देखा जाता है। लेकिन कुछ लोगों के हाथ में दो सूर्य रेखाएं होती हैं, सूर्य रेखा रिंग फिंगर के निचले स्थान पर बनती है। जिन भी लोगों के हाथ में ये रेखाएं होती हैं उनको सरकारी क्षेत्रों में बड़ी सफलता प्राप्त होती है। ऐसे लोग ऊंचे सरकारी पदों पर बैठे आपको दिख सकते हैं। इनके जीवन में भी सुख-समृद्धि की कोई कमी नहीं होती। ये जिस भी क्षेत्र में जाते हैं वहीं इनको सफलता मिल सकती है। ऐसे लोगों को राजा की तरह जीवन जीने वाला माना जाता है। 

हाथ में मछली का चिह्न
अगर किसी व्यक्ति के हाथ में मछली का निशान बन रहा है तो समझ जाइए उसे पैतृक संपत्ति से बहुत अधिक लाभ होगा। ऐसे लोगों को भी भाग्य का भरपूर सहयोग जीवन में प्राप्त होता है। इनके पास आय के स्रोतों की कमी कभी नहीं होती, यही वजह है कि ये बहुत सकारात्मक होकर जीवन का आनंद लेते हैं। 

हथेली पर इन चिह्नों का होना भी बेहद शुभ
सितारे का चिन्ह, त्रिकोण, या स्वास्तिक ये भी बहुत शुभ माने जाते हैं। अगर किसी व्यक्ति के हाथ में इनमें से कोई एक चिह्न हो तो उसे भी भाग्य का सहयोग खूब प्राप्त होता है। ऐसे लोग भी जीवन में प्रगति के पथ पर अग्रसर होते हैं और बड़ी-बड़ी उपलब्धियां प्राप्त करते हैं। 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें-

Budh Ka Vakri Gochar 22 August: बुध 22 अगस्त से चलेंगे वक्री चाल, कर्क में बैठकर लेंगे इन 3 राशियों की परीक्षा, सेहत और आर्थिक पक्ष को लेकर रहें सतर्क

शुक्र-केतु 25 अगस्त को बनाएंगे युति, सितंबर मध्य तक खूब लाभ कमाएंगी ये 4 राशियां, करियर में दिखेंगे अच्छे बदलाव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।