अगस्त के महीने की 11 तारीख को शुक्र ग्रह चंद्रमा के स्वामित्व वाले हस्त नक्षत्र में गोचर करेंगे। वहीं पूरे माह शुक्र कन्या राशि में विराजमान रहेंगे। 11 अगस्त के दिन शुक्र गोचर के साथ ही मासिक सावन शिवरात्रि का व्रत भी रखा जाएगा। मासिक शिवरात्रि के शुभ दिन पर भौतिकता के कारक ग्रह शुक्र का नक्षत्र परिवर्तन करना कुछ लोगों के बैंक बैलेंस को बढ़ा सकता है। आज हम आपको इन्हीं राशियों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।
मिथुन राशि
शुक्र ग्रह आपके चतुर्थ भाव में विराजमान हैं जोकि सुख, भूमि-भवन और वाहन का कारक भाव माना जाता है। ऐसे में 11 अगस्त को नक्षत्र परिवर्तन करते ही शुक्र आपको भौतिक सुख दिला सकते हैं। जो लोग प्रॉपर्टी बेचने के प्रयास में थे उन्हें अच्छी डील मिल सकती है और बैंक बैलेंस में इजाफा हो सकता है। शुक्र की स्थिति के चलते कुछ लोगों को आमदनी में वृद्धि देखने को भी मिल सकती है। माता अगर नौकरी पेशा हैं तो उन्हें भी बेहद सुखद परिणाम मिल सकते हैं।
सिंह राशि
शुक्र ग्रह अगस्त माह में आपके द्वितीय भाव यानि धन के भाव में संचार करेंगे। वहीं जब 11 अगस्त को शुक्र का नक्षत्र परिवर्तन होगा तो अचानक से धन लाभ आपको प्राप्त हो सकता है। निवेश किए गए धन से इस राशि के जातकों को जबरदस्त रिटर्न मिलने की संभावना है। कुछ लोग शेयर बाजार से भी मुनाफा कमा सकते हैं। अगस्त माह में सोच-समझकर निवेश करेंगे तो भविष्य में भी आर्थिक लाभ आपको प्राप्त हो सकता है। शुक्र की स्थिति के चलते कुछ लोगों के प्रेम जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
वृश्चिक राशि
शुक्र का नक्षत्र परिवर्तन आपके लिए भी बेहद खास साबित हो सकता है। अगस्त के माह में शुक्र आपके लाभ भाव में होंगे और नक्षत्र परिवर्तन करने के बाद आपको आर्थिक लाभ भी प्रदान कर सकते हैं। जो लोग नौकरी बदलने का प्रयास कर रहे हैं उन्हें मनचाही सैलरी पर नई जॉब मिलने के योग हैं। कुछ लोगों को प्रतियोगी परीक्षाओं में भी इस महीने सफलता मिल सकती है। शिक्षा के क्षेत्र में गुरुजनों का सहयोग इस राशि के जातकों को उपलब्धि दिला सकता है। सेहत में भी अनुकूल बदलाव 11 अगस्त के बाद आ सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: