1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Varuthini Ekadashi 2026: वरुथिनी एकादशी के दिन जरूर करें ये उपाय, भगवान विष्णु की कृपा से सभी मनोकामनाएं होंगी पूरी

Varuthini Ekadashi 2026: वरुथिनी एकादशी के दिन जरूर करें ये उपाय, भगवान विष्णु की कृपा से सभी मनोकामनाएं होंगी पूरी

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Naveen Khantwal
 Published : Apr 12, 2026 08:57 pm IST,  Updated : Apr 12, 2026 08:57 pm IST

Varuthini Ekadashi 2026: वरुथिनी एकादशी के दिन भक्त भगवान विष्णु की पूजा करते हैं और व्रत रखते हैं। इसके साथ ही कुछ उपाय अगर आप इस दिन करते हैं तो आपको जीवन में शुभ फल प्राप्त हो सकते हैं, आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।

Varuthini Ekadashi Upay- India TV Hindi
वरुथिनी एकादशी उपाय Image Source : CANVA

Varuthini Ekadashi 2026: वरुथिनी एकादशी का व्रत 13 अप्रैल 2026 को रखा जाएगा। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा के साथ ही कुछ उपाय करना भी आपके लिए बेहद शुभ फलदायक साबित हो सकता है। इन उपायों को करने से आपकी मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं और साथ ही जीवन में सुख-समृद्धि भी आती है। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में। 

वरुथिनी एकादशी के उपाय 

  • अगर आप जीवन की हर परिस्थिति में अपने आपको मजबूत बनाये रखना चाहते हैं, तो आपको वरुथिनी एकादशी का महात्म्य पढ़ना चाहिए। लेकिन अगर आप किसी कारणवश ना पढ़ पायें, तो एकादशी महात्म्य की पुस्तक को छूकर प्रणाम जरूर करना चाहिए। ऐसा करने से आप जीवन की हर परिस्थिति में मजबूत बने रहेंगे और अपने कार्यों को भी मजबूती के साथ पूरा करेंगे।
  • अगर आप अपने बिजनेस में आ रही समस्याओं को दूर करना चाहते हैं, तो भगवान विष्णु को प्रणाम करके उनके इस मंत्र का 21 बार जप करें। मंत्र इस प्रकार है- ऊँ नमो भगवते नारायणाय। ऐसा करने से आपके करियर में आ रही सारी रूकावटें दूर होंगी और आपका भविष्य सुनहरा होगा।
  • अगर बहुत दिनों से आपकी किसी अपने से अनबन चल रही है, तो उस अनबन को दूर करने के लिये आपको भगवान विष्णु की पूजा के समय एक दक्षिणावर्त्ती शंख में जल और थोड़ा-सा गंगाजल भरकर रखना चाहिए और भगवान विष्णु की विधि-पूर्वक पूजा करनी चाहिए। पूजा के बाद शंख में रखे जल को प्रसाद के रूप में ग्रहण कर लें। अगर संभव हो, तो थोड़ा-सा जल उस व्यक्ति को भी दें, जिससे आपकी नहीं बन रही है। ऐसा करने से उस व्यक्ति से आपकी अनबन बहुत जल्द ही खत्म हो जायेगी।
  • अगर आप अपनी संतान की शादी को लेकर परेशान हैं, आपको अपनी संतान के लिये कोई अच्छा रिश्ता नहीं मिल पा रहा है, तो आपको गले में डालने वाला एक पीले रंग का कपड़ा लेकर, उस पर हल्दी के छींटे मारकर भगवान विष्णु को भेंट करना चाहिए। ऐसा करने से आपकी परेशानी दूर होगी और आपको अपनी संतान के लिये जल्द ही कोई अच्छा रिश्ता मिलेगा।
  • अगर आपको लगता है कि ऑफिस में स्थिति आपके फेवर में नहीं चल रही है, तो आपको एक एकाक्षी नारियल लेकर, उसे भगवान विष्णु के चरणों से लगाकर एक साफ पीले रंग के कपड़े या पोटली में बांधकर अपने पास रखना चाहिए। ऐसा करने से धीरे-धीरे करके ऑफिस में स्थिति आपके फेवर में होने लगेगी।
  • अगर बहुत समय से आपके बिजनेस की गति कुछ ठहर गई है, आपके बिजनेस में कोई बढ़ोतरी नहीं हो पा रही है, तो आपको 11 बार “ऊँ नमो भगवते नारायणाय” मंत्र बोलते हुए भगवान विष्णु को 11 पीले फूल अर्पित करने चाहिए, यानि पहले मंत्र बोला –“ऊँ नमो भगवते नारायणाय”, फिर फूल चढ़ाया। इसी प्रकार सारे फूल चढ़ाने हैं। ऐसा करने से आपको बिजनेस में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
  • अगर आप अपने करियर के बारे में ठीक से कोई फैसला नहीं ले पा रहे हैं या जो स्टूडेंट्स अभी-अभी बोर्ड परीक्षा दे चुके हैं और आगे करियर के बारे में कुछ सोच नहीं पा रहे हैं, तो उन लोगों को आज 11 गोमती चक्र लेकर श्री विष्णु भगवान के चरणों में रखने चाहिए और भगवान का आशीर्वाद लेना चाहिए। ऐसा करने से आप जल्द ही अपने करियर को लेकर कोई ठीक फैसला ले पायेंगे। 
  • अगर आपको किसी काम में बार-बार नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे आपका काम पूरा नहीं हो रहा है, तो एकादशी के दिन स्नान आदि के बाद आपको पांच गोमती चक्र लेकर श्री विष्णु के चरणों में रखने चाहिए और भगवान की विधि-पूर्वक पूजा करनी चाहिए । पूजा के बाद उन गोमती चक्र को एक कपड़े में बांधकर अपने पास रख लें। ऐसा करने से आपको काम में हो रहे बार-बार नुकसान से छुटकारा मिलेगा और आपका काम जल्द ही पूरा हो जायेगा।
  • अगर आप अपने घर में बरकत बनाये रखना चाहते हैं, तो एकादशी के दिन आपको अपने घर के मन्दिर में शंख की स्थापना करके उसकी विधि-पूर्वक पूजा करनी चाहिए। अगर आपके घर में पहले से शंख रखा है, तो भी आज के दिन उसकी पूजा अवश्य करें। इसके लिये आज स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनकर एक पात्र में शंख रखकर, उस पर दूध की धारा अर्पित करें। फिर उस पर जल चढ़ाकर साफ कपड़े से पोंछे और उसके सामने घी का दीया जलाएं। अब उस पर दूध और केसर मिश्रित घोल से ‘श्री’ लिखकर, कुमकुम, चावल और पुष्प अर्पित करें। फिर भोग लगाकर पूजा सम्पन्न करें। इस प्रकार शंख की स्थापना करने से आपके घर में बरकत बनी रहेगी। 
  • अगर आप अपने परिवार के सुख-सौभाग्य को बनाये रखना चाहते हैं तो एकादशी के दिन एक 5 मुखी रुद्राक्ष, एक साबुत हल्दी, गोमती चक्र, कौड़ी और गुंजाफल के दाने लेकर एक सौभाग्य पोटली बनाएं और इस पोटली को श्री विष्णु पूजा के समय भगवान के पास रखें। पूजा के बाद इस सौभाग्य पोटली को उठाकर अपनी तिजोरी में या अपने मन्दिर में रख दें। ऐसा करने से आपके परिवार का सुख-सौभाग्य बना रहेगा।
  • अगर आप अपने व्यापार में बढ़ोतरी करना चाहते हैं तो एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा के समय उनके पास एक रुपये का सिक्का रखें और भगवान की पूजा के साथ ही उस सिक्के की भी रोली और फूलों से पूजा करें। पूजा के बाद उस सिक्के को एक लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी या गल्ले में रख दें। ऐसा करने से आपके व्यापार में निश्चय ही बढ़ोतरी होगी।
  • अक्सर भागदौड़ भरी लाईफ में कई बार इंसान किसी काम को लेकर इतना परेशान हो जाता है कि उलझन में आ जाता है। अधिकतर लोगों के साथ ऐसा होना आम बात है, इससे बचने के लिए सोमवार के दिन नहा-धोकर तुलसी के पौधे की 11 बार परिक्रमा करें और साथ में घी का दीपक जलाएं। ऐसा करने से आपका स्ट्रेस कम होगा, लिहाजा आपका जीवन सुखमय बनेगा। 

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7:30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया पर बनेंगे 4 बेहद शुभ योग, 5 राशियों को प्राप्त होगा बंपर लाभ

Parshuram Jayanti 2026: परशुराम जी के 5 चमत्कारी मंत्रों के जप से प्राप्त होगा ज्ञान और बल, विघ्न-बाधाएं भी होंगी दूर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।