1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Venus Transit 2025: इस दिन शुक्र का धनु राशि में होने जा रहा है गोचर, जानें आपकी राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव?

Venus Transit 2025: इस दिन शुक्र का धनु राशि में होने जा रहा है गोचर, जानें आपकी राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव?

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Vineeta Mandal
 Published : Dec 17, 2025 06:35 am IST,  Updated : Dec 17, 2025 06:35 am IST

Venus transits in Sagittarius: दिसंबर में इस दिन शुक्र धनु राशि में प्रवेश करेंगे। शुक्र के इस गोचर का सभी 12 राशियों पर अलग-अलग रूप से प्रभाव पड़ेगा। तो आइए यहां जानते हैं कि शुक्र का यह गोचर आपकी राशि के लिए कैसा रहने वाला है।

शुक्र गोचर 2025- India TV Hindi
शुक्र गोचर 2025 Image Source : UNSPLASH

Shukra Gochar 2025 and Horoscope: 20 दिसंबर को  सुबह 7 बजकर 44 मिनट पर शुक्र धनु राशि में प्रवेश करेंगे। इसके बाद शुक्र 12 जनवरी 2026 की देर रात 3 बजकर 57 मिनट तक धनु राशि में ही गोचर करते रहेंगे, उसके बाद मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। अंग्रेजी में शुक्र को वीनस कहते हैं। इनका रंग सफेद है। ये मीन राशि में उच्च का और कन्या राशि में नीच का होता है। आपको बता दें कि जीवन में शुक्र का सबसे ज्यादा असर हमारे दांपत्य रिश्ते पर पड़ता है। साथ ही घर की आर्थिक स्थिति पर भी इसका असर होता है। चलिए अब आचार्य इंदु प्रकाश से जानते हैं कि शुक्र के धनु राशि में इस गोचर से विभिन्न राशि वाले लोगों पर क्या प्रभाव पड़ेगा। साथ ही जानेंगे कि शुक्र आपकी जन्मपत्रिका में किस स्थान पर गोचर करेंगे और आपको अशुभ फलों से बचने के लिये आपको क्या उपाय करने चाहिए।

मेष राशि

शुक्र आपके नवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के नौवें स्थान का संबंध हमारे भाग्य से होता है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपका भाग्योदय होगा। आपको अपनी मेहनत के बल पर धन लाभ होगा और संतान का सुख प्राप्त होगा। 12 जनवरी तक आप अपनी मेहनत से कुछ भी पा सकते हैं। इससे आपके जीवन की स्थिति बेहतर और मजबूत होगी। लिहाजा 12 जनवरी तक शुक्र की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिए काली या लाल गाय की सेवा करें।

वृष राशि

शुक्र आपके आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के आठवें स्थान का संबंध हमारे आयु से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा। आपको 12 जनवरी तक अपने जीवनसाथी की हर बात माननी होगी। शत्रुओं को परास्त करने के लिए उठाये गये आपके कदम कारगर साबित हो सकते हैं। लिहाजा शुक्र के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए आपको मंदिर में जाकर अपना सिर झुकाना चाहिए।

मिथुन राशि

शुक्र आपके सातवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के सातवें स्थान का संबंध हमारे जीवनसाथी से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपका स्वभाव दूसरों के प्रति नरम बना रहेगा। आपको इस दौरान सुख की प्राप्ति होगी। जीवनसाथी से आपके रिश्ते ठीक बने रहेंगे। उनकी सेहत भी इस दौरान ठीक रहेगी। इस दौरान आपका अधिकतर समय बाहर यात्राओं में बीत सकता है। लिहाजा शुक्र के शुभ फल बनाये रखने के लिए मातापिता का आशीर्वाद लें।

कर्क राशि

शुक्र आपके छठे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के छठे स्थान का संबंध हमारे मित्र, शत्रु और स्वास्थ्य से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा। आपकी आर्थिक स्थिति ठीक रहेगी। आपको समय-समय पर अपने मित्रों और भाई-बंधुओं का सहयोग मिलता रहेगा। 12 जनवरी तक शत्रु पक्ष आपके दूरी बनाकर रहेगा। हालांकि संतान पक्ष से आपको आशानुसार लाभ नहीं मिल पायेगा। तो आज से 12 जनवरी तक अपनी स्थिति ठीक बनाये रखने के लिए घर की महिला अपने बालों में सोने के कलर का, यानि गोल्डन कलर का हेयर क्लिप लगाकर रखें।

सिंह राशि

शुक्र आपके पांचवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के पांचवे स्थान का संबंध हमारे संतान, बुद्धि, विवेक और रोमांस से है। शुक्र के इस गोचर से आपके विवेक में बढ़ोतरी होगी। आपके अन्दर सकारात्मक विचार आयेंगे। धर्म के प्रति आपकी आस्था बढ़ेगी और परिवार के प्रति लगाव बढ़ेगा। लवमेट के साथ रिश्ते को बेहतर बनाये रखने के लिए एक दूसरे को समझना बेहतर रहेगा। अत: शुक्र के अशुभ फलों से बचने के लिए मंदिर या धर्मस्थल पर दूध का दान करें।

कन्या राशि

शुक्र आपके चौथे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के चौथे स्थान का संबंध हमारे भवन, भूमि, वाहन और माता से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपको भूमि, भवन और वाहन का सुख मिलेगा। इस दौरान आपको अपने रिश्तो में तालमेल बनाकर चलना चाहिए। साथ ही आपको संतान सुख की प्राप्ति होगी। 12 जनवरी तक आपकी आराम पसंद और हरफनमौला लोगों से मुलाकात हो सकती है। अत: शुक्र की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिए जमीन के नीचे काला सुरमा दबाएं।

तुला राशि

शुक्र आपके तीसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के तीसरे स्थान का संबंध हमारे पराक्रम, भाईबहन और यश से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से भाईबहनों के साथ आपके रिश्ते में थोड़ी परेशानी आ सकती है। इस दौरान आपके पास चाहें कितनी ही धनसंपत्ति हो, आपको सुख की नींद आने में परेशानी आ सकती है। आपको इस दौरान अपनी मेहनत के अनुसार ही फल प्राप्त हो पायेंगे। लिहाजा 12 जनवरी तक शुक्र की अशुभ स्थिति से बचने के लिए महिलाओं का सम्मान करें। साथ ही अपने जीवनसाथी के साथ अच्छा व्यवहार बनाकर रखें।

वृश्चिक राशि

शुक्र आपके दूसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दूसरे स्थान का संबंध हमारे धन और स्वभाव से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपकी आर्थिक स्थिति पहले से अच्छी होगी। आपको आजीविका के नये साधन मिल सकते हैं। आपको सांसारिक सुखों की प्राप्ति होगी। साथ ही 12 जनवरी तक पशुपालन और कच्ची मिट्टी के काम से जुड़े लोगों को दुगना फायदा मिलेगा, लेकिन इस दौरान आपको अपने शत्रुओं से थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। अत: शुक्र के अशुभ फलों से बचने के लिए दो सौ ग्राम गाय का घी मंदिर में दान करें।

धनु राशि

शुक्र आपके पहले यानि लग्न स्थान पर गोचर करेंगे। पहला स्थान स्वयं का होता है। शुक्र का यह गोचर आपके लिए शुभ फलदायक होगा। 12 जनवरी तक आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा। साथ ही आपको हर तरह के सुख की प्राप्ति होगी। नौकरी के क्षेत्र में भी आपको सफलता मिलेगी। इसके अलावा आपको संतान और वाहन आदि का भी सुख मिलेगा। अत: 12 जनवरी तक शुक्र की इन सब शुभ स्थिति का लाभ उठाने के लिए अपने नहाने के पानी में एक चम्मच दही डालकर नहाएं।

मकर राशि

शुक्र आपके बारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के बारहवें स्थान का संबंध आपके व्यय और शय्या सुख से है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपको दूसरों की सहायता पाने के लिए थोड़ी मेहनत करनी होगी। 12 जनवरी तक आपको शय्या सुख मिलेगा। आमदनी के साथ-साथ आपके खर्चे भी बढ़ेंगे। साथ ही गृहस्थ सुख पाने के लिए आपको कोशिशें करनी पड़ सकती हैं। अत: 12 जनवरी तक शुक्र की अशुभ स्थिति से बचने के लिए प्रतिदिन गऊ माता के पैर छूकर आशीर्वाद लें।

कुंभ राशि

शुक्र आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के ग्यारहवें स्थान का संबंध हमारे आय और इच्छाओं की पूर्ति से होता है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से बहुत दिनों से अधूरी पड़ी आपकी इच्छा भी पूरी होगी। आपकी सुंदरता बनी रहेगी। आपको धन का लाभ मिलेगा। अगर आप अपने हर काम जीवनसाथी की सलाह से करेंगे, तो निश्चित रूप से आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। अत: शुक्र के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिए  मंदिर में चमेली का तेल दान करें।

मीन राशि

शुक्राचार्य आपके दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दसवें स्थान का संबंध हमारे करियर, राज्य और पिता से होता है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपको अपने करियर में सफलता प्राप्त होगी। साथ ही आपको अपने कार्यों में पिता से सहयोग मिलेगा। इस दौरान आपको तरक्की के कई मौके मिलेंगे और आप भी उन मौकों का पूरापूरा फायदा उठाने में सफल रहेंगे। साथ ही आपको वाहन आदि का सुख मिल सकता है। अत: 12 जनवरी तक शुभ अवसर सुनिश्चित करने के लिए मंदिर में दही या दही से बनी किसी चीज का दान करें।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें-

Hindu New Year 2026: जनवरी में नहीं इस महीने में मनाया जाएगा हिंदुओं का नया साल, जानें कब से शुरू होगा हिंदू नव वर्ष

January Festival 2026: जनवरी में मकर संक्रांति से लेकर बसंत पंचमी तक, साल के पहले महीने में आएंगे ये प्रमुख व्रत-त्यौहार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।