ब्रह्म मुहूर्त वह समय होता है जब ब्रह्मांडीय ऊर्जा बेहद सकारात्मक होती है। इसलिए हमारे ऋषि-मुनियों ने ब्रह्म मुहूर्त को अमृत वेला का नाम भी दिया है। ब्रह्म मुहूर्त सुबह ज्यादातर 4 बजे से शुरू होकर लगभग 5 बजकर 30 मिनट तक रहता है। माना जाता है कि इस दौरान किए गए कार्य का फल भी आपको बेहद शुभ मिलता है। साथ ही कुछ ऐसे कार्य भी हैं जिन्हें ब्रह्म मुहूर्त के दौरान करने से आपको धन-धान्य और पारिवारिक सुख की भी प्राप्ति हो सकती है। आज हम आपको इसी के बारे में जानकारी देंगे।
स्नान और प्रभु स्मरण
ब्रह्म मुहूर्त में उठकर आपको स्नान और भगवान का स्मरण अवश्य करना चाहिए। आप अगर इस दौरान अपने इष्ट देव का स्मरण और पूजन करते हैं तो आपके घर में बरकत आती है। साथ ही आप पितृ दोष से भी मुक्ति पाते हैं। ब्रह्म मुहूर्त में भगवान का पूजन करना आपके आध्यात्मिक बल को भी बढ़ाता है और आप पूरे दिन ऊर्जावान भी महसूस करते हैं।
हथेली के दर्शन
हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हथेली में देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए अगर आप ब्रह्म मुहूर्त में उठकर सबसे पहले हथेलियों के दर्शन करते हैं तो आपको शुभ फलों की प्राप्ति होती है। हथेली के दर्शन करते हुए आपको नीचे दिए गए मंत्र का जप करना चाहिए।
'ॐ काराग्रे वसते लक्ष्मी, करमध्ये सरस्वती। करमूले तु गोविंदा, प्रभाते करदर्शनम्।'
इस मंत्र का अर्थ है कि हथेली के ऊपरी भाग में माता सरस्वती का वास है, हथेली के मध्य में माता सरस्वती बसती हैं और हथेली के मूल भाग में स्वयं भगवान गोविंद का निवास है। इसलिए सुबह के समय में हथेली के दर्शन करता हूं। इस मंत्र का जप करना और प्रत्येक दिन हथेली के दर्शन करना आपको धन-धान्य और पारिवारिक सुख दिलाता है।
योग और ध्यान
योगासन जहां आपके शरीर को तंदुरुस्त बनाते हैं वहीं ध्यान करने से मानसिक स्थिरता आपको प्राप्त होती है। इसलिए सुबह के समय आपको योग और ध्यान भी अवश्य करना चाहिए। इससे आपका आध्यात्मिक विकास भी होता है। ऐसा करने से जीवन में हर सफलता आप प्राप्त कर सकते हैं।
मंत्र जप
किसी एक मंत्र को जपने का संकल्प लेकर प्रतिदिन अगर इसे आप ब्रह्म मुहूर्त में जपते हैं तो लाभ आपको प्राप्त होता है। मंत्र के सिद्ध होने पर आप अपनी मनोकामनाओं को पूरा कर सकते हैं, साथ ही मंत्र जप से आपको मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। आप गायत्री मंत्र, महामृत्युंजय मंत्र आदि का जप ब्रह्म मुहूर्त में कर सकते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें:
सूर्य के कर्क राशि में गोचर के बाद बिगड़ सकती है इन 3 राशियों की सेहत, ये उपाय दिलाएंगे लाभ
कामधेनु की मूर्ति को घर में रखने के हैं इतने लाभ, जानकर आज ही खरीद लाएंगे