वास्तु शास्त्र में पेड़-पौधों को प्रकृति और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़कर देखा जाता है। यही वजह है कि किसी पेड़ को काटने से पहले समय और विधि का ध्यान रखने की बात कही गई है। खासतौर पर सूखे, अनुपयोगी या ऐसी जगह पर लगे पेड़ जो किसी तरह की अड़चन पैदा कर रहे हों, उन्हें हटाने के लिए भी वास्तु शास्त्र में कुछ नियम बताए गए हैं। मान्यता है कि किसी भी समय पेड़ पर कुल्हाड़ी नहीं चलानी चाहिए।आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए सूखा पेड़ काटने से पहले किन नियमों का ध्यान जरूरी माना गया है।
पेड़ काटने के लिए शुभ बताए हैं ये 10 नक्षत्र
लोग अवांछित वृक्षों को काट देते हैं, लेकिन अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी समय इन पेड़ों को काटना अनुचित माना जाता है। इसके लिये एक सही समय होता है, जिसका पालन जरूर करना चाहिए। वास्तु शास्त्र के अनुसार पेड़ काटने के लिए मृगशिरा, पुनर्वसु, अनुराधा, हस्त, मूल, उत्तराफाल्गुनी, उत्तराषाढ़ा, उत्तराभाद्रपद, स्वाति और श्रवण नक्षत्र को अनुकूल माना गया है।
पेड़ काटने से पहले करें पूजा-प्रार्थना
पेड़ काटने से पहले उसकी विधि पूर्वक पूजा करनी चाहिए। इसके लिए गंध, पुष्प और नैवेद्य से वृक्ष का पूजन करने की बात कही गई है। इसके बाद उसके तने को साफ कपड़े से ढककर सफेद सूत लपेटने का विधान है। पूजा के दौरान वृक्ष से जुड़े जीवों और उसमें रहने वाले प्राणियों के कल्याण की कामना करें। साथ ही उनसे दूसरे स्थान पर चले जाने की प्रार्थना की जाती है। वहीं, वृक्ष से अपने कार्य के लिए पूजा स्वीकार करने की विनती करने की परंपरा बताई गई है।
इस दिशा से काटें वृक्ष
पूजा और प्रार्थना के बाद वृक्ष को जल से सींचने की बात कही गई है। इसके बाद मधु और घी लगाए हुए कुल्हाड़े से वृक्ष को काटने का विधान है। वास्तु अनुसार, पेड़ को पूर्व से उत्तर दिशा की ओर बढ़ते हुए उसके चारों तरफ घूमकर काटना चाहिए। वृक्ष को गोलाई में काटने की बात कही गई है।
जरूरी बात
पेड़ काटना पर्यावरण से जुड़ा गंभीर विषय है। किसी भी वृक्ष को हटाने से पहले स्थानीय कानून और अनुमति से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें: क्या आपके हाथ में भी है मछली का चिन्ह? जानें हथेली की किस जगह पर बनना माना जाता है बेहद शुभ