अबु धाबी: बेहतरीन बल्लेबाजी के बाद पाकिस्तान के गेंदबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए शेख जायद स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को वेस्टइंडीज के 106 रन पर 4 विकेट चटका दिए। पाकिस्तान की पहली पारी में 452 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज अभी भी 346 रन पीछे है। दिन का खेल खत्म होने तक देबेंद्र बिशू और जर्मेन ब्लैकवुड क्रीज पर डटे हुए हैं, हालांकि दोनों को अभी खाता खोलना बाकी है।
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अपने पहले दिन के स्कोर 4 विकेट पर 304 रनों से आगे खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम का स्कोर 332 तक ही पहुंचा था कि पहले दिन नॉटआउट रहे कप्तान मिस्बाह उल हक (96) शतक पूरा किए बगैर पवेलियन लौट गए। लेकिन इसके बाद सरफराज अहमद (56) ने पाकिस्तानी टीम के रनों के सिलसिले को रुकने नहीं दिया। पाकिस्तान का छठा विकेट यासिर शाह (23) के रूप में गिरा। इसके बाद मोहम्मद नवाज (25) ने सरफराज के साथ सातवें विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी कर टीम को 400 के पार पहुंचाया। जुलफिकार बाबर पाकिस्तान टीम की तरफ से आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे। वेस्टइंडीज की तरफ से शेनन गाब्रियल ने सर्वाधिक 5 विकेट अपने नाम किए। कप्तान जेसन होल्डर के हिस्से तीन सफलताएं आईं। बिशू और क्रेग ब्राथवेट एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
अपनी पहली पारी खेलने उतरी वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत नहीं मिली। 27 के कुल स्कोर पर लियोन जॉनसन (12) को राहत अली ने पवेलियन भेजा। डारेन ब्रावो (43) ने ब्राथवेट के साथ टीम का स्कोर 65 तक पहुंचाया। यासिर ने ब्रावो को पगबाधा किया। ब्राथवेट ने इसके बाद मालर्न सैमुअल्स (30) के साथ 39 रनों की साझेदारी टीम को पटरी पर लाने की कोशिशों में जुटे हुए थे, तभी कैरेबियाई टीम को एक के बाद एक दो लगातार झटके लगे। सैमुअल्स जहां राहत अली की गेंद पर समी असलम के हाथों कैच आउट पवेलियन लौटे, वहीं दो गेंद बाद ही ब्राथवेट दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान पहला मैच जीतकर 1-0 की बढ़त ले चुका है।