कराची: पाकिस्तानी कप्तान शाहिद अफरीदी के भारत के प्रति प्यार जताने के बाद विरोध शुरू हो गया है। लाहौर हाईकोर्ट ने अफरीदी को नोटिस भेजकर 15 दिनों में जवाब मांगा है। वहीं, शाहिद अफरीदी की टिप्पणी से आहत और हैरान पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने कहा कि इस तरह के बयान देने वाले खिलाड़ियों को खुद पर शर्म आनी चाहिए।
गौरतलब है कि शाहिद अफरीदी ने कहा था कि पाकिस्तानी क्रिकेटरों को यहां से कहीं ज्यादा भारतीय दर्शकों से प्यार मिलता है। अफरीदी और सीनियर खिलाड़ी शोएब मलिक ने विश्व ट्वेंटी-20 के लिये कोलकाता पहुंचने के बाद भारत की प्रशंसा की थी। उन्होंने कहा था कि उन्हें भारत में कभी भी डर नहीं लगता हालांकि सुरक्षा चिंताओं के कारण उनकी रवानगी काफी दिनों तक टलती रही। अफरीदी ने कहा था, हमने हमेशा भारत में खेलने का लुत्फ उठाया है और भारतीय दर्शकों ने हमें पाकिस्तानी दर्शकों से कहीं ज्यादा प्यार दिया है।
इस पर मियांदाद ने आज कहा, ‘इन क्रिकेटरों को इस तरह की चीज कहने से पहले खुद पर शर्म करनी चाहिए। शर्म करो।’ मियांदाद ने कहा कि पाकिस्तान विश्व टी20 में भारत खेलने के लिये गया है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि खिलाडि़यों को मेजबानों की बढ़ाई करनी चाहिए।
मियांदाद ने कहा, हमें भारतीयों ने क्या दिया है? सच बोलो भले ही आप भारत में हो। पिछले पांच वर्षों में उन्होंने हमें क्या दिया है या पाकिस्तानी क्रिकेट के लिये क्या किया है। पाकिस्तानी क्रिकेट की इतने वर्षों सेवा करने के बाद मैं हैरत में हूं और हमारे खिलाडि़यों से इस तरह की टिप्पणी सुनकर आहत हूं।