मुंबई: अजय शिर्के को बुधवार को दोबारा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का सचिव चुना गया। बोर्ड की 87वीं वार्षिक आम सभा (AGM) में वह निर्विरोध सचिव चुने गए। इस पद के लिए किसी और ने आवेदन नहीं किया था। वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर एमएसके प्रसाद को मुख्य चयनकर्ता चुना गया। BCCI अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता की।
देश-विदेश और खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
प्रसाद ने भारत के लिए 1998 एवं 2000 के बीच 6 टेस्ट और 17 वनडे मैच खेले थे। 1998 में बांग्लादेश के खिलाफ एकदिवसीय मैच से उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। साल 2000 में उन्हें टेस्ट टीम से हटा दिया गया। इसके बाद उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया।
प्रसाद ने 96 प्रथम श्रेणी मैच खेले जिसमें उन्होंने 27.73 की औसत से 4,021 रन बनाए और विकेट के पीछे 266 शिकार किए। उन्होंने 88 लिस्ट-ए मैचों में 1,719 रन बनाए हैं। उन्हें 2007-2008 रणजी सत्र में आंध्र प्रदेश टीम का कप्तान बनाया गया था। 2008 में उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। 2015 में वह चयनसमिति का हिस्सा बने। प्रसाद ने अंडर-19 टीम की चयनकर्ता के रूप में भी काम किया है।
जुलाई में ठाकुर के बोर्ड का अध्यक्ष चुने जाने के बाद शिर्के को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। तत्कालीन BCCI अध्यक्ष शशांक मनोहर के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) का चैयरमेन चुने जाने के बाद ठाकुर ने अध्यक्ष पद संभाला था। शिर्के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (MCA) के अध्यक्ष भी हैं।