1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में ये होगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन, इन युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है डेब्यू का मौका!

अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट में ये होगी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन, इन युवा खिलाड़ियों को मिल सकता है डेब्यू का मौका!

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jun 14, 2018 08:03 am IST,  Updated : Jun 14, 2018 08:03 am IST

रहाणे के सामने इस मैच में कोहली की गैरमौजूदगी में टीम के मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी। 

टीम इंडिया- India TV Hindi
टीम इंडिया

बेंगलुरू: पिछले कुछ सालों से इंटरनेशनल लेवल पर अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करने वाली अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम के सामने अभी तक की सबसे बड़ी चुनौती इंतजार कर रही है। उसे आज से एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच में नंबर-1 टीम भारत से भिड़ना है। अफगानिस्तान के लिए यह टेस्ट अपने आप को साबित करने का बड़ा मौका है। इसे टीम पूरी तरह से भुनाने की कोशिश करेगी। 

अजिंक्य रहाणे इस मैच में भारत की कप्तानी कर रहे हैं। मेजबान जानते हैं कि हालिया दौर में अफगानिस्तान के खिलाड़ियों ने जो प्रदर्शन दिखाया उससे वो उलटफेर कर सकते हैं। इसलिए भारत किसी भी लिहाज से उसे हल्के में नहीं लेगा। यह मैच एक तरह से भारतीय बल्लेबाजी और अफगानिस्तान के स्पिन आक्रामण के बीच की जंग है। अफगानिस्तान ने इस मैच में राशिद खान, मुजीब उर रहमान, जहीर खान और हमजा कोटक की स्पिन चौकड़ी को टीम में चुना है। इन चारों के अलावा मोहम्मद नबी पांचवें स्पिनर हैं।

रहाणे के सामने इस मैच में कोहली की गैरमौजूदगी में टीम के मिडिल ऑर्डर को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी। उन्हें प्लेइंग इलेवन में उन खिलाड़ियों को चुनना होगा जो मिडिल ऑर्डर में कोहली की कमी को महसूस नहीं होने दें और अफगानिस्तान के स्पिन खतरे से निपट सकें।

करुण नायर की टीम में वापसी हुई है और उम्मीद है कि वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे। नायर इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में तिहरे शतक लगाने के बाद से फार्म से जूझ रहे थे और इसलिए टीम से बाहर चले गए थे। यह मैच नायर को एक और मौका देगा। वहीं विकेटकीपर रिद्धिमान साहा के स्थान पर टीम में आठ साल बाद दिनेश कार्तिक की वापसी हुई है। सीनियर होने के नाते उन पर भी बड़ी जिम्मेदारी है लेकिन इतने दिनों तक टेस्ट क्रिकेट न खेलना उन्हें चुनौती दे सकता है। चेतेश्वर पुजारा भी टीम को मजबूती देंगे।

रहाणे के सामने समस्या सलामी जोड़ी का चुनाव करने की है। टीम के तीनों सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल, शिखर धवन और मुरली विजय हैं। अभी तक इन तीनों में से एक या तो फिट नहीं होता था या किसी कारणवश टीम में नहीं होता था, तो यह समस्य सामने नहीं आई थी। लेकिन, अब जब तीनों मौजूद हैं तो किसका चुनाव किया जाए, यह मुश्किल आएगी। राहुल ने हाल ही में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया है। विजय आईपीएल में सिर्फ एक मैच ही खेले थे। धवन का बल्ला भी आईपीएल में चला था। रहाणे, राहुल या विजय को तीसरे नंबर पर भेज टीम के मिडिल ऑर्डर को मजबूत भी कर सकते हैं। लोअर ऑर्डर में रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन बल्ले से योगदान दे सकते हैं।

गेंदबाजी में उमेश यादव का खेलना तय है। रहाणे दूसरे तेज गेंदबाज के तौर पर ईशांत शर्मा, शार्दूल ठाकुर और नवदीप सैनी में किसी को मौका दे सकते हैं। ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या तीसरे तेज गेंदबाज की भूमिका निभा सकते हैं। अगर रहाणे ने तीन स्पिन गेंदबाजों की सोच रखी हो तो पंड्या की जगह कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है या पांड्या दूसरे गेंदबाज के तौर पर भी इस्तेमाल किए जा सकते हैं।

ये हो सकती है भारत की प्लेइंग इलेवन: मुरली विजय, शिखर धवन, चेतेश्वर पुजारा, के एल राहुल, अजिंक्य रहाणे, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, ईशांत शर्मा, नवदीप सैनी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।