इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए मिस्बाह उल हक की अगुवाई में पाकिस्तानी टीम की घोषणा कर दी गई है जिसमें तेज़ गेंदबाज मोहम्मद आमिर को भी शामिल किया गया है।
पाकिस्तानी टीम पिछली बार 2010 में टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड के दौरे पर गई थी। उस दौरे पर मोहम्मद आमिर को स्पॉट फिक्सिंग का आरोप लगा था और फिर उन्हें पांच साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था और जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। पिछले साल सितंबर में सजा पूरी कर वापसी करने वाले आमिर वनडे में आगाज कर चुके हैं और अब वह टेस्ट क्रिकेट में अपनी दूसरी पारी की शुरुआत इंग्लैंड से ही करेंगे। आमिर को इंग्लैंड के लिए वीजा अगले सप्ताह तक मिल जाने की उम्मीद है।
चार टेस्ट मैचों के लिए पाकिस्तानी टीम 18 जून को इंग्लैंड रवाना होगी। वहां पर 14 जुलाई से लॉर्ड्स में होने वाले पहले टेस्ट से पहले पाकिस्तान की टीम समरसेट और ससेक्स के खिलाफ दो अभ्यास मैच खेलेगी। दूसरा और तीसरा टेस्ट क्रमश: ओल्ड ट्रैफर्ड और एजबस्टन में तथा चौथा टेस्ट 11 अगस्त से ओवल में खेला जाएगा।
सीरीज के लिए पाकिस्तानी टीम में कुछ बदलाव किए गए हैं। टीम में आमिर के अलावा सोहैल खान, मोहम्मद रिजवान, इफ्तिखार अहमद, सामी असलम को शामिल किया गया है जबकि अहमद शहजाद, बिलाल आसिफ, फवाद आलम, जुनैद खान और शोएब मलिक को आराम दिया गया है।
इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इस प्रकार है-
मोहम्मद हफीज, शान मसूद, सामी असलम, मिस्बाह उल हक (कप्तान), यूनुस खान, अजहर अली, असद शफीक, इफ्तिखार अहमद, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), मोहम्मद रिजवान, जुल्फिकार बाबर, यासिर शाह, वहाब रियाज, मोहम्मद आमिर, राहत अली, इमरान खान, सोहैल खान।