इंग्लैंड के कप्तान ऐलस्टैयर कुक ने आगाह किया है कि मैच फिक्सिंग के आरोप में सज़ा पाने के बाद लौटे पाकिस्तान के फ़ास्ट बॉलर मोहम्मद आमिर को यहां लॉर्ड्स पर दर्शकों की फ़ब्तियां सुननी पड़ सकती हैं। आमिर ने छह साल पहले इसी मैदान पर मैच फिक्सिंग की थी और फिर उन पर प्रतिबंध लगा था और जेल भी हुई थी।
कुक ने कहा, "मुझे पूरा यक़ीन है कि प्रतिक्रिया होगी जो सही भी है। जब आप कुछ इस तरह का काम करते हैं तो सज़ा के अलावा भी और परिणाम भुगतने पड़ते हैं। उसे (आमिर) को इससे निबटना होगा।"
कुक हमेशा से मैच फिक्सिंग के आरोपियों पर आजन्म प्रतिबंध लगाने के हिमायती रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में ICC ने कुछ ख़ास नहीं किया है और अगर मैं उसकी जगह होता तो वो व्यक्ति बाहर होता। लेकिन कुक ने साथ ही ये भी कहा कि आमिर ने सज़ा काट ली है और उसे अपना करिअर फिर बनाने का मौक़ा दिया जाना चाहिये।
पाकिस्तान इंग्लैंड के दौरे पर है जहा वह चार टेस्ट मैच खेलेगी। पहला टेस्ट 14 जुलाई से लॉर्ड्स पर शुरु होगा जिसमें सबकी नज़र आमिर पर होगी।
आमिर उसी मैदान में पहला टेस्ट मैच खेलेंगे जहां 2010 में वह सलमान बट्ट और मोहम्मद आसिफ के साथ मैच फिक्सिंग में पकड़े गए थे। इन्होंने पैसे के बदले नो बॉल की थी। इसके बाद उन पर पांच साल का प्रतिबंध लगा था और जेल भी हुई थी।
आमिर का प्रतिबंध पिछले साल सितंबर में ख़त्म हो गया था और उनकी वापसी भी हो गई है। 24 साल के आमिर दुनियां सर्वश्रेष्ठ बॉलर बनना चाहते हैं।