1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका क्रिकेट टीम का कप्तान फिर बदला, एंजेलो मैथ्यूज को मिली वनडे टीम की कमान

श्रीलंका क्रिकेट टीम का कप्तान फिर बदला, एंजेलो मैथ्यूज को मिली वनडे टीम की कमान

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 24, 2018 05:49 pm IST,  Updated : Jul 24, 2018 05:49 pm IST

श्रीलंका की टीम ने टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का सूपड़ा साफ कर दिया था।

एंजेलो मैथ्यूज Photo: Getty Iamges- India TV Hindi
एंजेलो मैथ्यूज Photo: Getty Iamges

श्रीलंका क्रिकेट टीम की कप्तानी में लगातार बदलाव होता रहा है और अब तक टीम को कोई ऐसा खिलाड़ी नहीं मिल सका है जो नियमित रूप से टीम की कमान संभाल सके। दिनेश चांदीमल के रूप में टीम को ऐसा कप्तान मिलता दिख रहा था लेकिन उन पर कुछ मैचों का बैन लग गया और इस कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में अब एक बार फिर से एंजेलो मैथ्यूज को कप्तान बनाया गया है। टीम में निलंबित सलामी बल्लेबाज दनुष्का गुणतिलका और चांदीमल को टीम से बाहर रखा गया है। गुणतिलका को श्रीलंका क्रिकेट ने रविवार को ‘गलत आचरण’ के लिए निलंबित कर दिया था। उनके एक करीबी को कोलंबो के टीम होटल में नॉर्वे की महिला से बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। श्रीलंका बोर्ड ने कहा कि गुणतिलका उस समय कथित तौर पर कमरे में थे लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया। वो अनुशासनात्मक जांच लंबित रहने तक निलंबित रहेंगे। हालांकि ये स्पष्ट नहीं है कि जांच कब शुरू होगी। 

गुणतिलका के निलंबन से श्रीलंका को झटका लगा है क्योंकि वो टेस्ट सीरीज में 2-0 की जीत के दौरान टीम की तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर थे। 

वनडे सीरीज रविवार से दांबुला में शुरू होगी और 12 अगस्त को कोलंबो में समाप्त होगी। इसके बाद 14 अगस्त को कोलंबो में एकमात्र टी20 मैच खेला जाएगा। गुणतिलका की जगह ऑलराउंडर शेहान जयसूर्या को टीम में रखा गया है। प्रभात जयसूर्या को भी पहली बार टीम में जगह मिली है। 

आपको बता दें कि श्रीलंका की टीम ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका को 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 से हरा दिया था और सूपड़ा साफ कर इतिहास रच दिया था। श्रीलंका ने टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था और अब टीम का इरादा वनडे सीरीज में भी अच्छा खेल दिखाने की होगा।

श्रीलंका की वनडे टीम इस प्रकार है: एंजेलो मैथ्यूज (कप्तान), दासुन शनाका, कुसल परेरा, धनंजय डि सिल्वा, उपुल थरंगा, कुसल मेंडिस, तिसारा परेरा, निरोशन डिकवेला, सुरंगा लकमल, लाहिरू कुमारा, कासुन रजिता, अकिला धनंजय, प्रभात जयसूर्या, लक्ष्मण संदाकन और शेहान जयसूर्या। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल