कोलंबो: ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे और अंतिम टी-20 मैच में श्रीलंका को हराकर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। बोलर्स के शानदार प्रदर्शन के बाद ग्लेन मैक्सवेल की एक और तूफानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने दूसरा टी20 मैच 4 विकेट से जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका दौरे पर टेस्ट मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद वनडे और टी20 सीरीज में अपना दबदबा बनाए रखा।
पिछले मैच में नॉटआउट रहते हुए सेंचुरी ठोकने वाले मैक्सवेल ने सिर्फ 29 बॉल में 7 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 66 रन की पारी खेली। इसके अलावा उन्होंने कप्तान डेविड वॉर्नर (25) के साथ पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 93 रन की पार्टनरशिप भी की। इस पार्टनरशिप की बदौलत श्रीलंका के 129 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 17.5 ओवर में 6 विकेट पर 130 रन बनाकर मैच और सीरीज जीत ली। मैक्सवैल ने अपनी पारी के दौरान 18 गेंद में 50 रन पूरे किए जो ऑस्ट्रेलिया की ओर से रिकॉर्ड है। उन्होंने 19 गेंद में 50 रन बनाने के अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ा जो उन्हौंने पिछले मैच में बनाया था।
श्रीलंका की ओर से सचित्र पथिराना ने 23 जबकि अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेल रहे तिलकरत्ने दिलशान ने 8 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए। इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरूआत खराब रही जब अपना अंतिम इंटरनेशनल मैच खेल रहे दिलशान दूसरे ओवर में सिर्फ एक रन बनाने के बाद हास्टिंग्स की गेंद पर वॉर्नर को कैच दे बैठे।
परेरा और डि सिल्वा ने दूसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़े लेकिन फॉकनर ने परेरा को वार्नर के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। श्रीलंका ने इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। लेग स्पिनर एडम जंपा (16 रन पर 3 विकेट), फास्ट बोलर जेम्स फॉकनर (19 रन पर 3 विकेट) और जॉन हास्टिंग्स (23 रन पर 2 विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने श्रीलंका की टीम धनंजय डि सिल्वा (62) के करियर के पहले अर्धशतक के बावजूद 9 विकेट पर 128 रन ही बना सकी। डि सिल्वा के अलावा सिर्फ सलामी बल्लेबाज कुसाल परेरा (22) ही दोहरे अंक में पहुंच पाए। ऑस्ट्रेलिया ने दौरे की शुरुआत टेस्ट सीरीज में 0-3 की हार के साथ की थी लेकिन इसके बाद उसने वनडे सीरीज 4-1 से जीती और टी20 सीरीज भी अपने नाम कर ली।