नार्थ साउंड (एंटीगा): भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए पहले टेस्ट मैच को भारत ने एक पारी और 92 रनों से जीत लिया है। भारतीय गेंदबाज आर अश्विन को मैन ऑफ द मैच चुना गया है। भारत के 566 रनों के विशाल स्कोर का सामना करते हुए वेस्टइंडीज की टीम को फॉलोआन खेलना पड़ा और मैच के चौथे दिन पूरी टीम मात्र 231 रनों पर सिमट गई।
भारत पहली पारी: 566/8
वेस्टइंडीज पहली पारी: 243 पर ऑल आउट
वेस्टइंडीज दूसरी पारी: 231 पर ऑल आउट
वेस्टइंडीज को फॉलोऑन खेलते हुए अपनी दूसरी पारी में आर अश्विन की कहर बरपाती स्पिन गेंदबाजी का सामना करना पड़ा और पूरी टीम मात्र 231 रनों पर सिमट गई। आर अश्विन ने कुल सात खिलाडि़यों को आउट कर पवैलियन का रास्ता दिखाया। गौरतलब है कि आर अश्विन को वेस्टइंडीज की पहली पारी में विकेट नहीं मिल सका था लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने बेहद शानदार गेंदबाजी की। इस तरह से पहली पारी में शानदार शतक और दूसरी पारी में बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत आ अश्विन मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
इन बातों के चलते खास रहा एंटिगा टेस्ट-
विराट का पहला दोहरा शतक
विराट कोहली पहले ऐसे भारतीय कप्तान बन गए जिन्होंने वेस्टइंडीज की धरती पर एक कप्तान के रूप में पहला दोहरा शतक लगाया। विराट ने अपने 200 रन 283 गेंदो का सामना करके बनाया।
एक कोच के रूप में कुंबले की पहली बड़ी जीत
टीम इंडिया के नए कोच अनिल कुंबले के मार्गदर्शन में पहले टेस्ट मैच में ही भारत को शानदार सफलता मिली है। विदेशी धरती पर जीत का लक्ष्य लेकर चल रहे कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली के लिए एंटिंगा टेस्ट एक शानदार शुरुआत से कम नहीं है।
मोहम्मद समी ने सबसे तेज 50 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बनें
मोहम्मद समी सबसे तेजी से 50 विकेट लेने वाले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। समी ने वेस्टइंडीज के साथ सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट के तीसरे दिन चार विकेट लेने के साथ विकेटों का अर्धशतक पूरा किया।समी ने अपने करियर के 13वें टेस्ट मैच में यह कारनामा किया। इससे पहले वेंकटेश प्रसाद भी इतने ही मैचों में 50 विकेट ले चुके हैं।