1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. एंडरसन का बड़ा बयान, 2012 में भारत को हराना ऐशज जीतने के बराबर

एंडरसन का बड़ा बयान, 2012 में भारत को हराना ऐशज जीतने के बराबर

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 24, 2018 02:53 pm IST,  Updated : Jul 24, 2018 02:57 pm IST

भारत में 2012 की सीरीज में एंडरसन ने चार मैचों में 12 विकेट लिये थे। इंग्लैंड ने सीरीज 2 -1 से जीती थी।

जेम्स एंडरसन- India TV Hindi
जेम्स एंडरसन

लंदन: इंग्लैंड के बाकी क्रिकेटरों की तरह जेम्स एंडरसन के लिये भी एशेज टेस्ट क्रिकेट में सबसे ऊपर है लेकिन 2012 में भारत के खिलाफ अपने प्रदर्शन को भी वह सर्वश्रेष्ठ में गिनते हैं। एंडरसन ने एक अगस्त से बर्मिंघम में शुरू हो रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले कहा,‘‘हमने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उस समय खेला है जब वह नंबर एक टीम थी। भारत भी मेरी नजर में उसी दर्जे पर है। 2012 में भारत के खिलाफ मेरी सर्वश्रेष्ठ सीरीज थी। एक तेज गेंदबाज के तौर पर भारत जाना जब सभी कह रहे हों कि वहां स्पिनरों को विकेट मिलते हैं, ऐसे में यह साबित करना था कि उन हालात में भी आप कामयाब हो सकते हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘मेरे करियर की वह ऐसी सीरीज थी जिस पर मुझे गर्व है। आप हमेशा सर्वश्रेष्ठ के खिलाफ खेलना चाहते हैं। इससे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।’’ भारत में 2012 की सीरीज में एंडरसन ने चार मैचों में 12 विकेट लिये थे। इंग्लैंड ने सीरीज 2 -1 से जीती थी। अब तक 138 टेस्ट में 540 विकेट ले चुके एंडरसन ने उस जीत को एशेज के बराबर बताया।

उन्होंने कहा,‘‘भारत और इंग्लैंड के बीच हमेशा से अच्छा कॉम्पिटिशन रहता है। हर सीरीज में आला दर्जे का क्रिकेट खेला जाता है।’’

एंडरसन ने कहा,‘‘एक इंग्लिश क्रिकेट होने के नाते मेरे लिये एशेज सबसे ऊपर है। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी यही जवाब देंगे। टेस्ट क्रिकेट में उससे बड़ा कुछ नहीं और हम हर हालत में उसे जीतना चाहते हैं। लेकिन मैं सबसे उम्दा टीमों के खिलाफ भी खेलना चाहता हूं।’’

उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ चुनौती का उन्हें इंतजार है और इंग्लैंड के सीनियर खिलाड़ियों पर अच्छे प्रदर्शन का दारोमदार होगा। हम पर अच्छे प्रदर्शन की जिम्मेदारी है क्योंकि हम सीनियर खिलाड़ी हैं। मेरी स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ अच्छी साझेदारी रही है और हम उस तालमेल को आगे भी कायम रखना चाहेंगे।’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल