कानपुर: भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन की नजर न्यूजीलैंड के साथ गुरुवार से कानपुर में शुरू हो रही तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के दौरान टेस्ट बोलर्स की लिस्ट में टॉप पर काबिज होने की होगी। कानपुर में गुरुवार से भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की खास बात यह है कि यह भारतीय क्रिकेट इतिहास का 500वां टेस्ट मैच होगा।
देश-विदेश और खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
टेस्ट गेंदबाजों की सूची में तीसरे स्थान पर काबिज अश्विन इस समय शीर्ष स्थान पर काबिज दक्षिण अफ्रीका के डेल स्टेन से 19 अंक और इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन से 11 अंक पीछे हैं। अश्विन को 200 टेस्ट विकेट हासिल करने के लिए केवल 7 और विकेट लेने हैं। कानपुर का मैच उनका 37वां टेस्ट मैच होगा और अगर वह इसमें 7 विकेट लेकर 200 विकेट का आंकड़ा छू लेते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिन गेंदबाज क्लैरी ग्रिमेट के बाद सबसे कम टेस्ट में 200 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन जाएंगे।
भारतीय क्रिकेट टीम के बायें हाथ के स्पिन गेंदबाज रवींद्र जडेजा के पास भी घरेलू पिच पर महत्वपूर्ण अंक हासिल कर अपनी रैंकिंग में सुधार करने के अवसर होंगे। टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन 876 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। वह इस सूची में शीर्ष पर काबिज ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और दूसरे स्थान पर काबिज इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट से पीछे हैं। भारत के बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे शीर्ष 10 बल्लेबाजों की सूची में आठवें स्थान पर हैं। कोहली 16वें स्थान पर हैं।
इस टेस्ट सीरीज में भारत की नजर टेस्ट टीम रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करने पर होगी, जिस पर वर्तमान में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान काबिज है। इंग्लैंड तीसरे स्थान पर है।