1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. AUS vs BAN, T20 World Cup 2021: बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया ने प्वॉइंट्स टेबल में लगाई छलांग

AUS vs BAN, T20 World Cup 2021: बांग्लादेश को 8 विकेट से हराकर ऑस्ट्रेलिया ने प्वॉइंट्स टेबल में लगाई छलांग

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 04, 2021 05:56 pm IST,  Updated : Nov 04, 2021 06:08 pm IST

ऑस्ट्रेलिया ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के 34वें मुकाबले में बांग्लादेश को 8 विकेट से हराया। इसी के सात ऑस्ट्रेलिया प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।

AUS vs BAN Highlights ICC T20 World Cup 2021 Match 34 Aaron Finch Adam Zampa- India TV Hindi
AUS vs BAN Highlights ICC T20 World Cup 2021 Match 34 Aaron Finch Adam Zampa Image Source : AP

लेग स्पिनर एडम जंपा के पांच विकेट और कप्तान आरोन फिंच की तूफानी पारी से आस्ट्रेलिया ने आईसीसी टी20 विश्व कप के सुपर 12 के ग्रुप ए मैच में गुरुवार को यहां बांग्लादेश को 82 गेंद शेष रहते हुए आठ विकेट से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जीवंत रखी। बांग्लादेश की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी। उसका कोई भी बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों का सामना नहीं कर पाया। उसकी टीम पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद केवल 15 ओवर में 73 रन पर आउट हो गयी। 

ऑस्ट्रेलिया ने 6.2 ओवर में दो विकेट पर 78 रन बनाकर अपने नेट रन रेट में भी सुधार किया। फिंच ने 20 गेंदों पर दो चौकों और चार छक्कों की मदद से 40 रन बनाये। उन्होंने डेविड वार्नर (14 गेंदों पर 18) के साथ पहले विकेट के लिये 58 रन जोड़े। आस्ट्रेलिया के अब चार मैच में दक्षिण अफ्रीका के समान छह अंक हैं। फिंच की टीम हालांकि बेहतर रन रेट के कारण दक्षिण अफ्रीका से आगे दूसरे नंबर पर पहुंच गयी है। ऑस्ट्रेलिया का नेट रन रेट 1.031 और दक्षिण अफ्रीका 0.742 है। इंग्लैंड चार मैचों में आठ लेकर ग्रुप में शीर्ष पर है। 

जंपा ने चार ओवर में 19 रन देकर पांच विकेट लिये। उनके अलावा तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (21 रन देकर दो) और जोश हेजलवुड (आठ रन देकर दो) ने मिलकर चार विकेट हासिल किये जबकि आलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (छह रन देकर एक) ने एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। आस्ट्रेलिया के सामने छोटा लक्ष्य था और फिंच नेट रन रेट में सुधार करने के लिये कम से कम ओवरों में लक्ष्य तक पहुंचना चाहते थे। उन्होंने मुस्ताफिजुर को निशाने पर रखा। 

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने इस तेज गेंदबाज पर चौके और छक्के से शुरुआत की और फिर अगले ओवर में भी एक छक्का लगाया। मुस्ताफिजुर के इस ओवर में वार्नर ने भी तीन चौके जड़े। फिंच ने तास्किन अहमद पर लगातार दो छक्के जमाये लेकिन इस तेज गेंदबाज ने इसी ओवर में उन्हें बोल्ड कर दिया। शोरिफुल इस्लाम ने वार्नर की गिल्लियां बिखेरी लेकिन मिशेल मार्श (पांच गेंदों पर नाबाद 16) ने पावरप्ले के तुरंत बाद टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। 

उन्होंने तास्किन पर डीप मिडविकेट क्षेत्र में विजयी छक्का लगाया। बांग्लादेश की तरफ से केवल तीन बल्लेबाज मोहम्मद नईम (17), कप्तान महमुदुल्लाह (16) और शमीम हुसैन (19) ही दोहरे अंक में पहुंचे। उसकी पारी में सात चौके और एक छक्का लगा। बांग्लादेश शीर्ष क्रम लड़खड़ाने के बाद एक समय पांच विकेट पर 33 रन पर संघर्ष कर रहा था।

महमुदुल्लाह और शमीम ने बीच में वापसी की उम्मीद जगायी। शमीम ने इस बीच जंपा पर पारी का एकमात्र छक्का भी लगाया। जंपा ने शमीम को आउट करने के बाद अगली गेंद पर महेदी हसन को पगबाधा आउट किया। उनके पास अगले ओवर की पहली गेंद पर हैट्रिक का मौका था लेकिन विकेटकीपर मैथ्यू वेड ने कैच छोड़ दिया। स्टार्क ने महमुदुल्लाह को विकेट के पीछे कैच कराया जबकि जंपा ने बाकी बचे दोनों विकेट लेकर बांग्लादेश की पारी का अंत किया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल