1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत ने धमाकेदार जीत से रचा इतिहास, कनाडा के रिकॉर्ड की बराबरी की, अफगान टीम को मिली अपनी सबसे बड़ी हार

भारत ने धमाकेदार जीत से रचा इतिहास, कनाडा के रिकॉर्ड की बराबरी की, अफगान टीम को मिली अपनी सबसे बड़ी हार

 Written By: Vanson Soral
 Published : Sep 17, 2026 11:07 pm IST,  Updated : Sep 17, 2026 11:47 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे और अंतिम T20 इंटरनेशनल मैच में अफगानिस्तान को 127 रनों से हराकर सीरीज 3-0 से अपने नाम की। भारतीय टीम ने सीरीज के तीनों ही मैच धमाकेदार अंदाज में जीते।

IND vs AFG- India TV Hindi
भारत बनाम अफगानिस्तान Image Source : AFP/PTI

अभिषेक शर्मा के बल्ले से निकले तूफान ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान की गेंदबाजी को तहस-नहस कर दिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने अफगान बल्लेबाजों की भी पोल खोलकर रख दी। इस तरह टीम इंडिया ने तीन मैचों की T20I सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुकी टीम इंडिया ने तीसरे मुकाबले में 221/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर अफगानिस्तान को 94 रनों पर ढेर करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह T20I क्रिकेट में अफगान टीम का भारत के खिलाफ सबसे लोएस्ट स्कोर है।

अफगानिस्तान की शर्मनाक हार

अफगानिस्तान को 127 रनों से हार मुंह देखना पड़ा, जो T20I क्रिकेट में उनकी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले अफगान टीम को अपनी सबसे बड़ी हार साल 2012 में इंग्लैंड के हाथों मिली थी। उस मैच में अफगानिस्तान को 116 रनों से शिकस्त मिली थी। दूसरी तरफ, भारत ने इस बड़ी जीत के साथ कनाडा के कीर्तिमान की बराबरी कर ली है। दरअसल, टीम इंडिया को T20I क्रिकेट में 10वीं बार 100 से ज्यादा रनों की जीत मिली है। इस तरह वह T20I में सबसे ज्यादा बार 100 या उससे ज्यादा रनों से जीतने के मामले में संयुक्त रुप से कनाडा के बराबर पहुंच गई है। दोनों के नाम अब 10-10 जीत हो गई हैं।

भारत की जीत के हीरो रहे अभिषेक शर्मा, जिन्होंने महज 30 गेंदों में शतक जड़कर T20I क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे तेज सैकड़ा ठोकने का कारनामा किया। उन्होंने 34 गेंदों पर 108 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। यह T20 इंटरनेशनल में उनका तीसरा शतक था। 

अभिषेक ने दिखाया बल्ले का दम

पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर अभिषेक ने पिच का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने शुरुआत से ही अफगानिस्तान के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।  अभिषेक ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। इसके बाद उन्होंने अपनी रफ्तार कम नहीं होने दी और नौवें ओवर में शतक पूरा कर लिया। अब्दुल्ला अहमदजई की गेंद पर जोरदार पुल लगाकर वह 99 तक पहुंचे और फिर एक रन लेकर शानदार शतक पूरा कर लिया। शतक पूरा होते ही अभिषेक ने मैदान पर बैठकर ध्यान लगाने वाला अंदाज में जश्न मनाया। स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने खड़े होकर उनकी इस खास पारी का अभिवादन किया।

पावरप्ले में भारत का रिकॉर्ड स्कोर

अभिषेक की आतिशी बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत ने पावरप्ले के 6 ओवर में बिना विकेट गंवाए 100 रन बना लिए। यह T20 क्रिकेट में भारत का पहले 6 ओवर में सबसे बड़ा स्कोर रहा। अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने पावरप्ले में ही स्पिन आजमाकर अभिषेक की रफ्तार रोकने की कोशिश की, लेकिन यह रणनीति भी काम नहीं आई। मोहम्मद नबी के ओवर में संजू सैमसन ने लगातार दो सीधे छक्के लगाए और इसी ओवर में अभिषेक ने भी दो बार गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। यह ओवर कुल 29 रन का रहा।

सैमसन को 22 रन के निजी स्कोर पर मिड-ऑफ में जीवनदान भी मिला। हालांकि, वह इसका फायदा उठाते हुए 35 गेंदों में 50 रन तक पहुंचे। यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक रहा। अभिषेक ने अजमतुल्लाह उमरजई और फजलहक फारूकी के खिलाफ भी जमकर रन बटोरे। पारी के दूसरे ओवर में उमरजई ने 17 रन दिए, जबकि तीसरे ओवर में फारूकी के खिलाफ 23 रन आए।

अफगान गेंदबाजों ने टेके घुटने

अभिषेक की बल्लेबाजी की रफ्तार के सामने अफगानिस्तान के गेंदबाज शुरुआती ओवरों से ही दबाव में नजर आए। भारत के पहले बल्लेबाजी करने का फायदा पूरी तरह अभिषेक ने उठाया और सीरीज के इस औपचारिक मुकाबले में भी रोमांच भर दिया। हालांकि, आखिरी पांच ओवरों में अफगानिस्तान ने वापसी की कोशिश की। भारत ने इस दौरान चार विकेट गंवाए और सिर्फ 37 रन जोड़े। इसके बावजूद भारत  221/7 के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा। 222 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर लक्ष्य का पीछा मुश्किल बना दिया। आखिरकार भारत ने अफगानिस्तान को 14.1 ओवर में 94 रनों पर समेटते हुए मुकाबला जीत लिया और सीरीज में 3-0 की शानदार जीत दर्ज की।

यह भी पढ़ें:

कितने बजे शुरू होगा एशियन गेम्स में भारतीय टीम का मुकाबला, शाम नहीं अब सुबह देखिए टी20 इंटरनेशनल मैच

पाकिस्तान क्रिकेट टीम हारते- हारते बची, आखिरी ओवर में थाईलैंड को हराकर एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में पहुंची

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल