धर्मशाला: चेतेश्वर पुजारा का टेस्ट करिअर में 12वें अर्ध शतक की मदद से भारत ने टेस्ट सिरीज़ के चौथे और निर्णायक मैच के दूसरे दिन चायकाल तक दो विकेट खोकर 153 रन बना लिए। चायकाल पर पुजारा 53 और कप्तान रहाणे 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। भोजन के बाद दूसरे विकेट के रुप में ऑस्ट्रेलिया को राहुल (60) का मिला जिन्हें कमिंस ने कैच आउट करवाया।
शनिवार को आस्ट्रेलिया की पहली पारी 300 रनों पर सिमट गई थी। इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में एक ओवर खेला जिसमें कोई रन नहीं आया। मुरली विजय और लोकेश राहुल की सलामी जोड़ी नाबाद लौटी थी।
इसके बाद आज रविवार को भारत की पारी को आगे खेलने उतरे विजय (11) और राहुल ने पहले विकेट के लिए 21 रन ही जोड़े थे कि इसी स्कोर पर जोश हाजलेवुड ने विजय को मैथ्यू वेड के हाथों कैच आउट कर टीम को दिन का पहला झटका दिया।
विजय के आउट होने के बाद राहुल का साथ देने आए पुजारा ने पहले सत्र की समाप्ति तक टीम का और कोई विकेट नहीं गिरने दिया और 43 रनों की साझेदारी कर टीम का स्कोर 64 कर पहुंचाया। भारत का एक और विकेट गिर जाता अगर रेनशॉ ने कमिंस की बॉल पर स्लिप पर राहुल का कैच न छोड़ा होता।
भोजनकाल के बाद पुजारा और राहुल स्कोर में 87 रन जोड़े ही थे कि कमिंस ने राहुल को आउट कर इस जोड़ी को तोड़ दिया। इसके बाद पुजारा ने अर्ध शतक पूरा किया और रहाणे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े हैं।