1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनजे सीरीज: वॉर्नर के दम पर AUS ने किया NZ का क्लीन स्वीप

वनजे सीरीज: वॉर्नर के दम पर AUS ने किया NZ का क्लीन स्वीप

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 09, 2016 05:14 pm IST,  Updated : Dec 09, 2016 05:14 pm IST

ओपनिंग बैट्समैन डेविड वॉर्नर की लगातार दूसरी सेंचुरी से ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में न्यूजीलैंड को 117 रन से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया।

David Warner- India TV Hindi
David Warner

मेलबर्न: ओपनिंग बैट्समैन डेविड वॉर्नर की लगातार दूसरी सेंचुरी से ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे और अंतिम वनडे मैच में न्यूजीलैंड को 117 रन से करारी शिकस्त देकर सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया। बाएं हाथ के विध्वंसक बल्लेबाज वॉर्नर ने पारी की आखिरी गेंद पर रन आउट होने से पहले 156 रन बनाए। उन्होंने 128 गेंदें खेली तथा 13 चौके और 4 छक्के जड़े।

खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

वॉर्नर की इस जबर्दस्त पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने शुरूआती झटकों के बावजूद 8 विकेट पर 264 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड के लिए हालांकि यह स्कोर ही पहाड़ जैसा बन गया और उसकी पूरी टीम वॉर्नर के कुल स्कोर तक भी पहुंचने में नाकाम रही। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने फिर से निराश किया और उसकी टीम 36.1 ओवर में 147 रन पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया ने इस तरह से बड़ी शान से चैपल-हेडली ट्रॉफी जीती। कीवी टीम को सस्ते में समेटने में मिशेल स्टार्क ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 34 रन देकर 3 विकेट लिए। पैट कमिन्स, जेम्स फॉकनर और ट्रेविस हेड ने 2-2 विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। 

James Faulkner
James Faulkner

जेम्स फॉकनर।

न्यूजीलैंड की तरफ से मार्टिन गुप्टिल ने सर्वाधिक 34 रन बनाए। उनके अलावा टाम लैथम (28) और कोलिन मुनरो (20) ही 20 रन की संख्या को छू पाए। पिछले मैच में भी शतक (119 रन) जड़ने वाले वॉर्नर को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। ऑस्ट्रेलियाई उप कप्तान ने पारी के 38वें ओवर में मिशेल सैंटनर की गेंद पर फाइन लेग क्षेत्र में चौका जड़कर वनडे में अपना 11वां और इस साल सातवां शतक पूरा किया। इसके लिए उन्होंने 95 गेंदें खेली। वनडे में एक कैलेंडर वर्ष में वॉर्नर से अधिक शतक केवल भारतीय दिग्गज सचिन तेंडुलकर ने बनाए हैं। उन्होंने 1998 में वनडे में 9 शतक लगाए थे।

Josh Hazlewood
Josh Hazlewood

जोश हेजलवुड को बधाई देते साथी खिलाड़ी।

न्यूजीलैंड ने दूसरे छोर से विकेट निकाले लेकिन वॉर्नर ने अंतर पैदा किया। उन्होंने जॉर्ज बेली (23) के साथ तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी की जिससे ऑस्ट्रेलिया 2 विकेट पर 11 रन से उबरा लेकिन जल्द ही उसका स्कोर 4 विकेट पर 73 रन हो गया। यहां से वॉर्नर और ट्रेविस हेड (37) ने पांचवें विकेट के लिए 105 रन जोड़े। वॉर्नर जब 18 रन पर थे तब उन्होंने लॉकी फर्गुसन की गेंद डीप मिडविकेट पर पुल किया लेकिन हेनरी निकोल्स डाइव लगाने के बावजूद कैच नहीं ले पाए। आरोन फिंच (3) फिर से नाकाम रहे जिसके कारण कप्तान स्टीव स्मिथ को दूसरे ओवर में ही क्रीज पर उतरना पड़ा। ट्रेंट बोल्ट ने फिंच को आउट करने के बाद अगले ओवर में स्मिथ को भी पवेलियन भेज दिया जो खाता भी नहीं खोल पाए थे।

बेली ने वॉर्नर के साथ मिलकर पारी संवारी। उन्होंने कोलिन डि ग्रैंडहोम की गेंद पर मिडविकेट पर सैंटनर को कैच थमाया। इसके दो गेंद बाद मिशेल मार्श (0) अपने ही विकेटों पर गेंद खेल गए। हेड ने वॉर्नर का अच्छा साथ दिया। उन्होंने स्पिनर सैंटनर की गेंद पर बोल्ड होने से पहले 70 गेंदों पर 37 रन बनाए। उन्होंने पहले 2 वनडे में भी 52 और 57 रन की उपयोगी पारियां खेली थी। मैथ्यू वेड (14) और जेम्स फॉकनर (13) भी दोहरे अंक में पहुंचे। न्यूजीलैंड की तरफ से बोल्ट ने 49 रन देकर 3 विकेट लिए जबकि सैंटनर और ग्रैंडहोम ने 2-2 विकेट हासिल किए।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।