1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड की पूरी टीम से ज्यादा रन बनाकर लाबुशेन ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि

लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड की पूरी टीम से ज्यादा रन बनाकर लाबुशेन ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 25, 2019 09:09 am IST,  Updated : Aug 25, 2019 09:09 am IST

मार्नस लाबुशेन इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट की दूसरी पारी में 80 रन बनाकर उन बल्लेबाजों के विशेष क्लब में शामिल हो गये जिन्होंने दोनों पारियों में विरोधी टीम की एक पारी से अधिक रन बनाये हैं।

लीड्स टेस्ट में...- India TV Hindi
लीड्स टेस्ट में इंग्लैंड की पूरी टीम से ज्यादा रन बनाकर लाबुशेन ने हासिल की ये बड़ी उपलब्धि Image Source : GETTY IMAGES

लीड्स। ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन इंग्लैंड के खिलाफ एशेज श्रृंखला के तीसरे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 80 रन बनाकर उन बल्लेबाजों के विशेष सूची में शामिल हो गये जिन्होंने दोनों पारियों में विरोधी टीम की एक पारी से अधिक रन बनाये हैं।

पहली पारी में 74 रन की शानदार पारी खेलने वाले लाबुशेन ने शनिवार को हेडिंग्ले में दूसरी पारी में 80 रन बनाये जबकि इंग्लैंड की पहली पारी महज 67 रन पर सिमट गयी थी। एशेज में पिछले 71 साल में यह इंग्लैंड का सबसे कम स्कोर है। लाबुशेन ऐसा करने वाले विश्व के पांचवें और आस्ट्रेलिया के चौथे बल्लेबाज हैं।

इस सूची में टीम के कोच जस्टिन लैंगर भी शामिल है। लाबुशेन और लैंगर के अलावा इस सूची में डान ब्रैडमैन, गार्डन ग्रीनिज और मैथ्यू हेडन शामिल हैं। ब्रैडमैन ने 1948 में भारत के खिलाफ 132 और नाबाद 127 रन की पारी खेली थी जबकि भारतीय टीम 125 रन पर आउट हो गयी थी।

वेस्टइंडीज के दिग्गज ग्रीनिज ने इंग्लैंड के खिलाफ 1976 में 134 और 101 रन बनाये थे जबकि इंग्लैंड की टीम 71 रन पर आउट हो गयी थी। हेडन ने 2002 में ब्रिसबेन में इंग्लैंड के खिलाफ 197 और 103 रन की पारी खेली जबकि इंग्लैंड की टीम 79 रन पर आउट हो गयी थी।

लैंगर ने 2004 पाकिस्तान के खिलाफ 191 और 97 रन बनाये जहां पाकिस्तान की पारी मात्र 72 रन पर सिमट गयी थी। लाबुशेन ने मौजूदा टेस्ट मैच में 74 और 80 रन की पारी खेली जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 67 रन पर सिमट गयी। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल