सिडनी: पाकिस्तान ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के बारिश से प्रभावित तीसरे दिन चाय के विश्राम तक आज यहां श्रृंखला में उसकी तरफ से सर्वाधिक रन बनाने वाले अजहर अली का विकेट गंवा दिया लेकिन अनुभवी यूनिस खान अब भी क्रीज पर जमे हुए हैं।
अजहर अली 71 रन बनाकर यूनिस के साथ गफलत में रन आउट हो गये। मिशेल स्टार्क ने मिड आन से स्ट्राइकर छोर पर शानदार थ्रो करके अजहर की पारी का अंत किया।
बारिश के कारण पहले सत्र का खेल नहीं हो पाया। इसके बाद जब खेल संभव हुआ तो पाकिस्तान ने दो विकेट पर 126 रन से आगे खेलते हुए चाय के विश्राम तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 177 रन बनाये थे। तब यूनिस 84 और कप्तान मिसबाह उल हक 18 रन पर खेल रहे थे। पाकिस्तान अब भी आस्ट्रेलिया से 361 रन पीछे है जिसने अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 538 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी।
यूनिस ने स्पिनर नाथन लियोन की गेंद शार्ट मिडविकेट की तरफ खेली लेकिन उन्होंने रन लेने में हिचकिचाहट दिखायी जिससे अजहर भी गफलत में पड़ गये। आखिर में दोनों रन के लिये दौड़ पड़े लेकिन तब स्टार्क ने विकेटकीपर की भूमिका निभा रहे पीटर हैंड्सकाम्ब तक गेंद पहुंचा दी। मैथ्यू वेड के बीमार होने के कारण खेल शुरू होने के कुछ देर बाद मैदान छोड़ने के कारण हैंड्सकाम्ब को विकेटकीपर की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी।
अजहर अपनी पारी पारी के दौरान पाकिस्तान की तरफ से आस्ट्रेलिया में एक टेस्ट श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने पांच पारियों में 98 . 75 की औसत से 395 रन बनाये हैं। अजहर ने मोहसिन खान (390) के 1983 में पांच टेस्ट मैचों में बनाये गये रिकार्ड को तोड़ा। अजहर ने 227 मिनट बल्लेबाजी और 159 गेंदों का सामना करके सात चौके लगाये।
अजहर और यूनिस ने पाकिस्तान को दो विकेट पर छह रन की खराब शुरूआत से उबारा और तीसरे विकेट के लिये 146 रन जोड़े।