बेंगलुरु: पिछले दो महीने से चल रहा, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नौवें सीज़न को अपना चैंपियन आज मिल जाएगा। हालांकि, सबसे खास बात यह है कि इस बार IPL का चैंपियन एक दम नया होगा। क्योंकि फाइनल में पहुंचने वाली दोनों टीमें अब तक ट्रॉफी तक नहीं पहुंच सकी हैं। एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले लीग के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइज़र्स हैदराबाद की टीमें खिताबी भिंड़त के लिए मैदान पर आमने-सामने होंगी।
2009 और 2011 में खिताब हासिल करने से चूक गई बेंगलोर इस बार विराट कोहली की कप्तानी में अपना पहला खिताब हासिल करने की पूरी कोशिश करेगी। वहीं, डेविड वार्नर के नेतृत्व में पहली बार फाइनल में पहुंची हैदराबाद की आंखों में भी जीत का ही सपना होगा।
लीग चरण के शुरुआती दौर में निरंतरता की कमी के कारण पिछड़ी बैंगलोर ने अपने अंतिम मैचों में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर फाइनल में जगह बनाई है। इसमें कप्तान कोहली ने अहम योगदान दिया है।
उन्होंने अपने बल्ले से लगातार रन उगल कर टीम को तीसरी बार फाइनल में पहुंचाया है। कोहली ने अभी तक इस सत्र में चार शतक और छह अर्धशतक के साथ 919 रन बनाए हैं। इसमें अब्राहम डिविलियर्स ने भी उनका भरपूर साथ दिया है। उन्होंने अभी तक एक शतक और छह अर्धशतक की मदद से 682 रन बनाए हैं।
इन दोनों के अलावा क्रिस गेल ने देर सबेर ही सही बल्ले से रन बनाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, लोकेश राहुल और शेन वाटसन ने टीम के मध्यक्रम को मजबूती प्रदान की है और निचले क्रम में सचिन बेबी ने अहम पारियां खेल यह दिखा दिया है कि वह टीम को किसी भी स्कोर तक पहुंचा सकते हैं।