नई दिल्ली: स्पाट फिक्सिंग मामले में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रायल्स की टीम पर बैन लगने के बाद आज IPL की 2 नई टीमों का ऐलान किया जाएगा। दिल्ली में IPL की कार्यकारिणी परिषद की बैठक के बाद इस बारे में आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बोर्ड के मुताबिक IPL की कार्यकारिणी परिषद इस बात का फैसला और घोषणा करेगी कि IPL के अगले 2 सीजन में कौन सी दो टीमें खेलेंगी। गौरतलब है कि IPL की दो टीमों अनियमितता के चलते प्रतिबंध लगा दिया गया था, इस अनियमितता में बड़े बड़े नामों का खुलासा हुआ था।
बैठक के बाद BCCI अध्यक्ष शशांक मनोहर, आईपीएल कमिश्नर राजीव शुक्ला और सचिव अनुराग ठाकुर प्रेस कांफ्रेस के जरिए जानकारी देंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में दोनों नई फ्रेंचाइजी टीमों के मालिक भी हिस्सा लेंगे। सुनने में आ रहा है कि ई-कॉमर्स वेबसाइट्स जैसे कि अमेजन, फ्लिपकार्ट, स्नैपडील और पेटीएम ने भी किसी फ्रैंचाइजी को खरीदने की इच्छा जताई थी। चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स पर दो साल के IPL से बैन लगने के बाद कुछ बिजनेस जगत के लोगों के नाम पर चर्चा चल रही थी।
आपको बता दें कि IPL-6 में राजस्थान रॉयल्स टीम के पूर्व सहमालिक राज कुंद्रा और चेन्नई सुपरकिंग के सीईओ गुरुनाथ मयप्पन पर सट्टेबाजी के आरोप लगे थे। इसके बाद इस अनियमितता की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस आर एम लोढ़ा के नेतृत्व में एक समिति बनाई थी। इस समिति ने इन दोनों टीमों को प्रतिबंधित करने के साथ साथ बीसीसीआई से किसी भी प्रकार का संबंध न रखने का आदेश दिया था। इन दोनों टीमों पर दो साल का बैन लगा है।