बेंगलुरू: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण का फाइनल मैच आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस खिताबी मुकाबले के लिए बेंगलुरू पूरी तरह से तैयार है। बेंगलुरू के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के.एस.आर चरन रेड्डी ने शनिवार को बताया, "आईपीएल फाइनल के कारण पूरा शहर हाई अलर्ट पर है। स्टेडियम में खिलाड़ियों और समर्थकों की सुरक्षा पूरी तरह से चाक चौबंद है और किसी भी तरह की स्थिति से निपटने में सक्षम है।"
रेड्डी ने बताया, "मैदान के आसपास और अंदर कुल एक हजार पुलिस वालों की तैनाती की जाएगी। स्टेडियम की सुरक्षा के लिए तोड़-फोड़ रोधी ड्रिल का भी अभ्यास किया जा चुका है।"
जानिए इस IPL में क्या रहा ख़ास...
- बेंगलुरू से पहले इस आईपीएल का फाइनल मुंबई में खेला जाना था।
- बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र में पानी की समस्या को देखते हुए फाइनल को बेंगलुरू स्थानांतरित करने का आदेश दिया था।
- इससे पहले बेंगलुरू ने 2014 के आईपीएल के सातवें संस्करण की मेजबानी की थी, जिसमें कोलकाता नाइट राइडर्स नें किंग्स इलेवन पंजाब को हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था।
जानिए टीम के बारे में...
बहरहाल खिताबी जंग के लिए दोनों ही टीमें अपना सब-कुछ झोंकने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। रॉयल चैलेंजर्स ने इस सीज़न में खेले गए अब तक 15 में से 9 मुकाबले जीते हैं जबकि सनराइज़र्स भी इस मामले में बैंगलोर की बराबरी पर है। आईपीएल के नौंवे संस्करण के लीग मुकाबलों में बैंगलोर और हैदराबाद अबतक दो बार भिड़ चुकें हैं। जिसमें दोनों ही टीमों ने एक-एक मुकाबले जीते हैं।
किसमें कितना है दम...
सनराइज़र्स हैदराबाद के पास वॉर्नर, युवी, धवन जैसे बल्लेबाज़ हैं तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में भी धुरंधरों की कमी नहीं है। टीम में डीविलियर्स, कोहली, गेल जैसे बल्लेबाज़ हैं जो गेंदबाज़ों की बखिया उधेड़ने में बिल्कुल भी समय व्यर्थ नहीं करते हैं।
गेंदबाज़ी की बात की जाए तो यहाँ बैंगलोर, हैदराबाद के मुकाबले कमज़ोर पड़ती नज़र आ रही है। हालांकि चैलेंजर्स के खेमे में दो गेंदबाज़ 20-20 विकेट के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। लेकिन बैंगलोर की गेंदबाज़ी में वो धार नहीं है जो सनराइज़र्स की गेंदबाज़ी में नज़र आ रही है। हैदराबाद में भुवी, मुस्तफिज़ुर और बोल्ट की धारदार तिकड़ी है जबकि बैंगलोर के पास केवल वॉटसन और चहल ही प्रभावशाली गेंदबाज़ है।