हैदराबाद: बांग्लादेश के युवा तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने गुरुवार को कहा कि यहां इस तरह की सपाट पिच पर गेंदबाजों को संयमित होने और बल्लेबाजों को गलतियां करने का इंतजार करने की जरूरत है। तास्किन ने भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के शुरूआती दिन के खेल के बाद कहा, ‘इस तरह की पिच पर गेंदबाजों को संयमित होना होता है। आप कई ढीली गेंदें नहीं फेंक सकते क्योंकि बल्लेबाजों के लिए यह आसान हो जाता है।’
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
तस्कीन ने कहा, ‘गेंदबाजों को धैर्य बरतना होगा। अगर बल्लेबाज गलतियां करें, तभी आप उन्हें आउट कर सकते हैं।’ उन्होंने स्वीकार किया कि भारत जैसे मजबूत बल्लेबाजी लाइन-अप के खिलाफ सफलता नहीं मिलने का कारण उनके पास अनुभव की कमी है। तास्किन ने कहा, ‘यह मेरे लिए नया अनुभव था क्योंकि मैं अपना तीसरा ही टेस्ट मैच और भारत के खिलाफ पहला टेस्ट मैच खेल रहा हूं। सपाट विकेट पर मेरे लिए यह गेंदबाजी का नया अनुभव था। पहले घंटे यह थोड़ा तेज था और इसके बाद यह सूखा और सपाट था। एक और चीज है कि उनके बल्लेबाजों ने भी अच्छी बल्लेबाजी की।’
तास्किन के साथ नई गेंद के जोड़ीदार कामरूल इस्लाम रब्बी भी काफी शॉर्ट पिच गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन उन्होंने कहा, ‘मैंने भी शॉर्ट पिच गेंदबाजी की और ऐसा ही उसके साथ रहा। रब्बी ने न्यूजीलैंड में अच्छी गेंदबाजी की थी लेकिन शायद उन्होंने भारत में न्यूजीलैंड जैसी गेंदबाजी करके गलती की।’