1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. ब्रेथवेट का धमाल, पर बारिश के नाम रहा दूसरा दिन

ब्रेथवेट का धमाल, पर बारिश के नाम रहा दूसरा दिन

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 04, 2016 02:31 pm IST,  Updated : Jan 04, 2016 02:31 pm IST

आस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन आज यहां बारिश के कारण केवल 11.2 ओवर का खेल हो पाया जिसमें कार्लोस ब्रेथवेट ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कुछ रोमांच पैदा किया।

west indies- India TV Hindi
west indies

सिडनी: आस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के दूसरे दिन आज यहां बारिश के कारण केवल 11.2 ओवर का खेल हो पाया जिसमें कार्लोस ब्रेथवेट ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कुछ रोमांच पैदा किया। लंच से पहले केवल चार ओवर का खेल हो पाया। वेस्टइंडीज ने छह विकेट पर 207 रन से आगे खेलते हुए लंच तक इस स्कोर में नौ रन और जोड़े। इसके बाद कुछ समय के लिये खेल हुआ और जब वेस्टइंडीज का स्कोर सात विकेट पर 248 रन था तभी बारिश आ गयी और इसके बाद दिन में आगे खेल नहीं हो पाया।

ब्रेथवेट ने लंच के बाद जेम्स पैटिनसन पर दो छक्के जड़े। उन्होंने पैटिनसन की गेंद पर पहले कवर और फिर बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर छक्के जमाये। पैटिनसन ने हालांकि अपने अगले ओवर में इस आलराउंडर को बोल्ड कर दिया। ब्रेथवेट ने 71 गेंदों पर 69 रन बनाये जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल हैं। वह हालांकि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर मौजूद 14,266 दर्शकों का मनोरंजन करने में सफल रहे जो बारिश के बावजूद स्टेडियम में जमे रहे। ब्रेथवेट हालांकि शतक पूरा नहीं कर पाने से निराश थे।

उन्होंने कहा, मैं शतक तक नहीं पहुंच पाया और इससे मैं निराश हूं लेकिन मुझे खुशी है कि मैं टेस्ट क्रिकेट में अपना उच्चतम स्कोर बनाने में सफल रहा। बारिश के कारण जब दिन का खेल समाप्त करने का फैसला किया गया तब विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन 30 रन पर खेल रहे थे जबकि केमार रोच को अभी अपना खाता खोलना है। मंगलवार को भी बारिश की भविष्यवाणी की गयी है। आस्ट्रेलिया ने तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के शुरूआती दोनों टेस्ट मैच बड़े अंतर से जीतकर पहले ही फ्रैंक वारेल ट्राफी अपने नाम कर ली थी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल