1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केपटाउन टेस्ट: अमला ने जड़ा शतक, दक्षिण अफ्रीका के 3 विकेट पर 353 रन

केपटाउन टेस्ट: अमला ने जड़ा शतक, दक्षिण अफ्रीका के 3 विकेट पर 353 रन

 Written By: IANS
 Published : Jan 04, 2016 11:29 pm IST,  Updated : Jan 04, 2016 11:29 pm IST

केपटाउन: न्यूलैंड्स स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इंग्लैंड की पहली पारी के 629 रनों के जवाब में तीन विकेट पर 353 रन बना लिए हैं।

Hashim Amla scored century against South Africa- India TV Hindi
Hashim Amla scored century against South Africa

केपटाउन: न्यूलैंड्स स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन सोमवार को दक्षिण अफ्रीकी टीम ने इंग्लैंड की पहली पारी के 629 रनों के जवाब में तीन विकेट पर 353 रन बना लिए हैं। बीते कई महीनों से खराब फॉर्म से जूझ रहे दिग्गज बल्लेबाज हाशिम अमला (157) ने धुरंधर बल्लेबाज अब्राहम डिविलियर्स (88) के साथ 68.4 ओवरों की बेहद लंबी साझेदारी में 183 रन जोड़े और टीम को मजबूत स्थिति प्रदान की।

दिन का खेल खत्म होने तक अमला टी-20 टीम के कप्तान फॉफ दू प्लेसिस (नाबाद 51) के साथ 85 रनों की साझेदारी कर नाबाद लौटे। दक्षिण अफ्रीकी टीम हालांकि अभी भी पहली पारी के आधार पर 276 रन पीछे है। मात्र सात रन के कुल योग पर स्टियान वैन जिल (4) का पहला विकेट गिरने के बाद अमला ने डीन एल्गर (44) के साथ 78 रनों की साझेदारी निभाई।

रविवार के स्कोर दो विकेट पर 141 रनों से आगे खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम को अमला और डिविलियर्स ने बेहद सधी शुरुआत दिलाई और पूरे दो सत्र तक कोई भी विकेट नहीं गिरने दिया। डिविलियर्स हालांकि भोजनकाल से ठीक पहले स्टुअर्ट फिन की गेंद पर जेम्स एंडरसन के हाथों लपके गए। डिविलियर्स ने 211 गेंदों की विशाल पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया।

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 18 पारियों से अर्धशतक भी नहीं लगा सके अमला अब तक 371 गेंदों का समना कर 21 गेंदों को बाउंड्री की राह दिखा चुके हैं, वहीं दू प्लेसिस ने 115 गेंदों की अहम अर्धशतकीय नाबाद पारी में छह चौके लगाए हैं।

इंग्लैंड ने पहली पारी में बेन स्टोक्स (258) और जॉनी बेयरस्टो (150) के बीच छठे विकेट के लिए हुई 399 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की बदौलत छह विकेट पर 629 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की। एलेक्स हेल्स (60), निक कॉम्पटन (45) और जोए रूट (50) इंग्लैंड की पारी में अहम योगदान देने वाले अन्य बल्लेबाज रहे।

स्टोक्स ने टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक लगाया। इसके अलावा टेस्ट क्रिकेट में किसी टीम का एक पारी में यह दूसरा सबसे तेज 600 रन है। दक्षिण अफ्रीका के लिए पहली पारी में कागिसो रबाडा ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। चार मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड पहला मैच जीतकर 1-0 से आगे चल रहा है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल