1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. केपटाउन टेस्ट: एल्गर, डी कॉक ने दक्षिण अफ्रीका को संभाला

केपटाउन टेस्ट: एल्गर, डी कॉक ने दक्षिण अफ्रीका को संभाला

 Written By: IANS
 Published : Jan 03, 2017 08:32 am IST,  Updated : Jan 03, 2017 08:32 am IST

केपटाउन: शुरुआती झटकों से बैकफुट पर चली गई मेजबान दक्षिण अफ्रीका को डीन एल्गर (129) और क्विंटन डी कॉक (नाबाद 68) ने अपनी बेहतरीन पारियों की बदौलत संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका

Dean Elgar- India TV Hindi
Dean Elgar

केपटाउन: शुरुआती झटकों से बैकफुट पर चली गई मेजबान दक्षिण अफ्रीका को डीन एल्गर (129) और क्विंटन डी कॉक (नाबाद 68) ने अपनी बेहतरीन पारियों की बदौलत संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन सोमवार को छह विकेट गंवाकर 297 रन बना लिए हैं।

केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में चल रहे मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक कॉक के साथ काइल एबॉट 16 रन बनाकर नाबाद लौटे।

श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज के इस फैसले को उनके गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए मेजबानों के तीन विकेट 66 रनों पर ही चटका डाले।

पहले मैच के शतकवीर स्टीफन कुक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। एल्गर ने इसके बाद हाशिम अमला (29) के साथ टीम का स्कोर 66 तक पहुंचा। इसी स्कोर पर लाहिरू कुमारा ने 23वें ओवर की पहली गेंद पर अमला को पवेलियन भेजा और इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ज्यां पॉल ड्यूमिनी को बिना खाता खोले अपना दूसरा शिकार बना मेजबानों को परेशानी में डाल दिया।

एल्गर को फिर कप्तान फाफ डू प्लेसिस (38) का साथ मिला। इन दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी कर टीम को संभाला और स्कोर 142 तक ले गए। रंगना हेराथ ने प्लेसिस को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।

तेम्बा बावुमा (10) एल्गर का साथ नहीं दे सके और 168 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। एल्गर को इसके बाद डी कॉक का साथ मिला। दोनों ने पारी को आगे बढ़ाया और संयम के साथ बल्लेबाजी की। इस बीच एल्गर ने 69वें ओवर की अंतिम गेंद पर चौका मार अपना शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के लिए उन्होंने 186 गेंदों का सामना किया।

10 ओवर बाद 79वें ओवर में हेराथ की गेंद पर चौका मार डी कॉक ने अपना अर्धशतक पूरा किया। इस साझेदारी को सुरंगा लकमाल ने तोड़ा। उन्होंने 230 गेंदों में 15 चौके लगाकर जम चुके एल्गर को विकेट के पीछे कैच करा अपनी टीम को छठी सफलता दिलाई। एल्गर 272 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे।

श्रीलंका की तरफ से लाहिरू कुमारा ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए। लकमाल को दो विकेट मिले जबकि हेराथ को एक विकेट मिला।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल