कोलकाता: टी-20 विश्व कप के फाइनल में आखिरी ओवर में लगातार चार छक्के लगाकर वेस्टइंडीज को विश्वकप जिताने वाले ऑलराउंडर कार्लोस ब्राथवेट ने कहा है कि राहुल द्रविड़ जैसे अनुभवी खिलाड़ी मेंटर हैं, यह सौभाग्य की बात है। ब्राथवेट, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के नौवें संस्करण में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम में शामिल हैं।
द्रविड़ ने कुछ ही सप्ताह पहले दिल्ली टीम के मेंटर का पद संभाला है। ब्राथवेट ने कहा, "मैं विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बन काफी खुश हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि ड्रेसिंग रूम में युवाओं को मुझ से फायदा होगा। मैं भाग्याशाली हूं कि द्रविड़ टीम के मेंटर हैं। हमारे बीच कुछ बातें भी हुई हैं।" उन्होंने कहा, "मैं एक अच्छा खिलाड़ी और इंसान बनना चाहता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि मैं वेस्टइंडीज स्पिन का एक बेहतर बल्लेबाज बन कर लौटूंगा।" दिल्ली आईपीएल-9 का अपना पहला मैच कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रविवार को खेलेगी।
द्रविड़ ने टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट में खेलते हुए भारत के लिए अनेक मैचों में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 13,288 और वन-डे में 10,889 रन बनाए थे, जो कि सचिन तेंदुलकर के बाद भारत की तरफ से सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन हैं। वे कुछ वक्त तक भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान भी रहे। ब्राथवेट को निश्चित रूप से इस सीनियर खिलाड़ी से बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।