1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सेंचुरियन टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड पर कसा शिकंजा

सेंचुरियन टेस्ट: दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड पर कसा शिकंजा

 Written By: IANS
 Published : Aug 30, 2016 07:47 am IST,  Updated : Aug 30, 2016 07:47 am IST

सेंचुरियन: दक्षिण अफ्रीका ने सुपर स्पोर्ट पार्क स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन न्यूजीलैंड की पहली पारी 214 रनों पर समेटने के बाद अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105

Temba Bavuma and Vernon Philander- India TV Hindi
Temba Bavuma and Vernon Philander

सेंचुरियन: दक्षिण अफ्रीका ने सुपर स्पोर्ट पार्क स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन न्यूजीलैंड की पहली पारी 214 रनों पर समेटने के बाद अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 105 रन बना लिए हैं और किवी टीम पर 372 रनों की भारी बढ़त हासिल कर ली है। न्यूजीलैंड की पारी सस्ते में समेटने के बाद दक्षिण अफ्रीकी टीम ने जोखिम न उठाते हुए न्यूजीलैंड को फॉलोऑन खेलने नहीं बुलाया और अपनी दूसरी पारी में तेजी से रन बटोरने शुरू किए।

दिन का खेल खत्म होने तक तेंबा बावूमा 25 और वेर्नोन फिलेंडर तीन रन बनाकर नाबाद लौटे।

हालांकि दक्षिण अफ्रीका के इस मकसद में सिर्फ क्विंटन डी कॉक (50) ही कुछ हद तक सफल हो सके, जबकि पांच बल्लेबाजी दहाई तक पहुंचने से पहले पवेलियन लौट गए। डी कॉक ने 43 गेंदों में आठ चौके और एक छक्के की मदद से तेजी से अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि अर्धशतक पूरा करते ही वह डग ब्रेसवेल का शिकार हो पवेलियन लौट गए।

न्यूजीलैंड के लिए टिम साउदी और ट्रेंट बोल्ट ने दो-दो विकेट हासिल किए हैं, जबकि ब्रेसवेल और नील वैग्नर को एक-एक विकेट मिले।

इससे पहले, तीन विकेट पर 38 रन से आगे खेलने उतरी किवी टीम की पारी को कप्तान केन विलियमसन (77) ने हेनरी निकोल्स (36) के साथ सधे अंदाज में आगे बढ़ाना शुरू किया। हालांकि सोमवार को अपनी साझेदारी को 15 ओवरों तक और बढ़ाने के बाद निकोल्स, कागिसो रबाडा की गेंद पर पगबाधा करार दे दिए गए।

निकोल्स के बाद किवी टीम ने पहले सत्र के शेष 10 ओवरों में दो और विकेट गंवा दिए। न्यूजीलैंड के पुछल्ले बल्लेबाज सस्ते में अपने विकेट खोते चले गए और विलियमसन के साथ छोटी-छोटी साझेदारियां निभाने के अलावा खास योगदान नहीं दे सके।

वैग्नर (31) ने जरूर थोड़ा संघर्ष किया और विलियमसन के साथ नौवें विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी निभाई और टीम का कुल योग 200 के पार पहुंचाया। विलियमसन के रूप में न्यूजीलैंड की पहली पारी का अखिरी विकेट गिरा। विलियमसन ने 133 गेंदों की अपनी जुझारू पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया।

दक्षिण अफ्रीकी टीम में लंबे समय के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज डेल स्टेन और रबाडा ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि फिलेंडर को दो विकेट मिले।

इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में स्टीफेन कुक (56), डी कॉक (82), हाशिम अमला (58), ज्यां पॉल ड्यूमिनी (88) और कप्तान फॉफ डू प्लेसिस (नाबाद 112) की बेहतरीन पारियों की बदौलत आठ विकेट पर 481 रन बनाकर पारी घोषित की।

दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब शीर्ष के पांच बल्लेबाज अर्धशतक लगाने में सफल रहे हैं।

आस्ट्रेलिया के लिए पहली पारी में वैग्नर ने सर्वाधिक पांच विकेट हासिल किए थे। साउदी, ब्रेसवेल और मिशेल सैंटनर को एक-एक विकेट मिला था।

दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला का पहला मैच ड्रॉ रहा था।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल