मेलबर्न: वेस्ट इंडीज़ के तूफ़ानी बल्लेबाज़ क्रिस गेल अपने दिल फ़ेंक अंदाज़ के लिये मशहूर हैं लेकिन उनका ये अंदाज़ इस बार उन्हें मंहगा पड़ गया। गेल ने ऑस्ट्रेलियाई टी20 लीग बिग बैश के एक मैच में 15 बॉल में 41 रन बनाने के बाद उनसे इंटरव्यूह करने आईं महिला रिपोर्टर से रुमानी होने की कोशिश की जो उन्हें मंहगी पड़ गई। महिला रिपोर्टर मेल मेकलॉघलिन ने जब उनसे उनकी इनिंग के बारे में पूछा तो उन्होंने मैच के बाद साथ में शराब पीने और डेट पर जाने का ऑफर दे डाला और मामला तूल पकड़ गया। विवाद बढ़ने पर गेल ने माफी मांग ली है। साथ ही उनपर 10 हजार ऑस्ट्रेलियन डॉलर यानी करीब 4.8 लाख रुपए का फाइन भी लगाया गया है।
ऐसे रुमानी हुए थे गेल
ऑस्ट्रेलिया में क्रिस गेल टी20 बिग बेश में खेल रहे गेल जब इनिंग खत्म करके लौटे तो चैनल टेन की रिपोर्टर मेल मेकलॉघलिन उनसे बातचीत करने आईं। उन्हें देखते ही गेल ने कहा, "मैं तो ख़ुद तुम्हारे पास आकर इंटरव्यू देना चाहता था। इसीलिए मैंने ऐसी इनिंग भी खेली थी। सिर्फ तुम्हारी आंखें देखने के लिए। ये बहुत प्यारी हैं।"
गेल यहीं नही रुके और उन्होंने कहा- "उम्मीद है कि आज के मैच में जीत के बाद हम साथ ड्रिंक करने चलेंगे। अब इतना भी मत शरमाओ बेबी।" इस पर रिपोर्टर ने कुछ देर ख़ामोश रहकर कहा- "मैं शरमा नहीं रही हूं।"
ये पूरा मामला सबके सामने हुआ और देखते ही देखते तूल पकड़ गया। अपनी सफाई में गेल ने कहा, "मैं अपनी बात के लिए माफी मांगता हूं, लेकिन मेरी बातों को ग़लत तरीके से पेश किया गया।"
गेल की टीम मेलबर्न रेनगेड्स ने एक बयान में कहा कि क्रिस गेल का व्यवहार पूरी तरह से ग़लत और अपमानजनक था। हमारी टीम में इस तरह की बातों की कोई जगह नहीं है। हम रिपोर्टर मेल मेकलॉघलिन से माफी मांगते हैं। वो शानदार स्पोर्ट्स प्रेजेंटर हैं।
गेल पर लगाए गए फाइन के पैसों को जैनी मैक्ग्राथ फाउंडेशन को डोनेट किया गया है।
गेल के स्टेटमेंट के बाद ऐसा हुआ हंगामा
गेल की इन बातों का क्रिकेटर्स और फैन्स काफी विरोध कर रहे हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने गेल के स्टेटमेंट को निराशाजनक बताया है। उन्होंने कहा, "पोस्ट मैच इंटरव्यू में गेल का स्टेटमेंट अच्छा नहीं लगा। उन्हें इस तरह से बात नहीं करनी चाहिए।"
ऑस्ट्रेलिया की फ्री लांसर सिमन मास्टरटोन ने कहा, "मैंने क्रिस गेल का इंटरव्यू देखा। बिल्कुल अनप्रोफेशनल था। लोगों को ज़रूर मज़ाक लगा होगा, लेकिन मेकलॉघलिन को बिल्कुल नहीं लगा होगा।"
एबीसी रेडियो की स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट डेब्बी स्पिलाने ने कहा- "गेल का स्टेटमेंट चालाकी भरा नहीं था। उनके चेहरे पर हंसी काफी गंदी दिख रही थी। स्टेटमेंट बिल्कुल प्रोफेशनल नहीं था।"
गेल पहले से ही रंगीन तबीयत रहे हैं
2014 में कैरिबियाई प्रीमियर लीग के दौरान जमैका में गेल से जब एक फीमेल रिपोर्टर ने पूछा, "ट्रेनिंग और मौसम के अनुसार पिच ने अब तक कैसा व्यवहार किया है?" गेल ने जवाब में कहा, "मैंने अब तक आपको नहीं छुआ है, इसलिए मैं इस बारे में कुछ नहीं कह सकता।" इस कमेंट के बाद भी उनकी काफी खिंचाई हुई थी।