ढाका: कभी टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे कर्टनी वॉल्श ने बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बोलिंग कोच के तौर पर जॉइन कर लिया है। अपनी भूमिका के बारे में वॉल्श ने कहा कि वह बांग्लादेश की टीम में अपने और अपने साथी गेंदबाज कर्टली एम्ब्रोस जैसी खतरनाक जोड़ी बनाना चाहते हैं। बीती सदी के नब्बे के दशक में वॉल्श और एम्ब्रोस की जोड़ी का बल्लेबाजों में जबर्दस्त खौफ था।
53 साल के हो चुके कर्टनी वॉल्श एक ट्रेडिशनल कोच की बजाय एक मेंटर की भूमिका में नजर आना चाहते हैं। उनका कहना है, ‘मैं अपने आप को एक पारंपरिक कोच से ज्यादा एक मेंटर के रूप में देखता हूं। मेरी कोशिश रहेगी कि मैं खिलाड़ियों को वहां तक लाने में मदद करूं जहां वह सहज होकर रह सकें।’ बीते समय के महान तेज गेंदबाज वॉल्श शनिवार रात ढाका पहुंचे और रविवार को अपने तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर साइन करने के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के दफ्तर में गए।
इस मौके पर उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा से ही क्रिकेट से जुड़ा रहा हूं चाहे वो ग्लोसेस्टर हो जमैका हो या वेस्टइंडीज। मैंने हमेशा तेज गेंजबाजों को तैयार किया है। कर्टली एम्ब्रोस उनमें से एक हैं। इसलिए अगर मैं बांग्लादेश से दूसरा एम्ब्रोस निकाल सका तो मुझे खुशी होगी। हमने विश्व क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ जोड़ी बनाई थी। अगर मैं ऐसी जोड़ी बांग्लादेश में बना सका तो मुझे बेहद खुशी होगी।’
कर्टनी वॉल्श ने 132 टेस्ट मैचों में कुल 519 विकेट लिए जबकि 205 एकदिवसीय मैचों में उनके विकेटों की संख्या 227 है। उन्होंने टेस्ट मैचों में कपिल देव का सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड तोड़ा था और टेस्ट मैचों में 500 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बने थे।