1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. द. अफ्रीका के इस दिग्गज क्रिकेटर का बड़ा बयान, बोले टेस्ट सीरीज में भारत नहीं इंग्लैंड है जीत की दावेदार

द. अफ्रीका के इस दिग्गज क्रिकेटर का बड़ा बयान, बोले टेस्ट सीरीज में भारत नहीं इंग्लैंड है जीत की दावेदार

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 26, 2018 05:48 pm IST,  Updated : Jul 26, 2018 05:48 pm IST

भारत को इंग्लैंड के साथ 1 अगस्त से 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है।

ए बी डिविलियर्स और डेल...- India TV Hindi
ए बी डिविलियर्स और डेल स्टेन

मुंबई: दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी तेज गेंदबाज डेल स्टेन मानते हैं कि विराट कोहली की अगुवाई वाली भारतीय टीम कुछ भी हासिल करने में सक्षम है लेकिन आगामी पांच टेस्ट की सीरीज में वह मेजबान इंग्लैंड को प्रबल दावेदार मानते हैं। स्टेन ने कहा कि ऐसा इसलिये है क्योंकि इंग्लैंड का तेज गेंदबाजी आकमण थोड़ा बेहतर है। उन्होंने कहा,‘‘विराट की अगुवाई में यह भारतीय टीम सब कुछ हासिल करने की काबिलियत रखती है। मैं विराट को अच्छी तरह जानता हूं। वह काफी दृढ़ निश्चय वाला खिलाड़ी है। पांच टेस्ट मैच किसी भी एक टीम के लिये अच्छे होंगे और अगर एक टीम शानदार खेलेगी तो दूसरी को हार मिलेगी ही। ’’ 

स्टेन ने कहा,‘‘मैं विराट को जानता हूं, जिससे यह कड़ी टेस्ट सीरीज होगी। इंग्लैंड के गेंदबाजों में थोड़ा ज्यादा कौशल है और यही अंतर पैदा होगा और यह काफी महत्वपूर्ण होगा।’’ 

उन्हें यह भी लगता है कि भारतीय आक्रमण में जसप्रीत बुमरा पहले टेस्ट के लिये जबकि भुवनेश्वर कुमार कम से कम तीन टेस्ट मैचों में नहीं खेल पायेंगे जिससे उनके लिये चीजें आसान नहीं होगी। 

स्टेन ने कहा,‘‘भारतीय टीम अपने स्पिनरों पर काफी निर्भर होती है और उन्होंने वनडे क्रिकेट में अच्छा काम भी किया है। इस समय इंग्लैंड में विकेट काफी सपाट है और इसमें इतना टर्न नहीं मिल रहा है, खासकर तीन दिवसीय काउंटी क्रिकेट में। इसलिये उन्हें अपने तेज गेंदबाजों पर निर्भर रहना होगा। अगर उनकी टीम में ये नहीं खेलेंगे तो वे निश्चित रूप से मुश्किल में आ जायेंगे।’’ 

उन्होंने साथ ही यह भी कहा,‘‘मुझे भविष्यवाणी करना पसंद नहीं है। लेकिन फायदा निश्चित रूप से इंग्लैंड को मिलेगा, वह अपने घरेलू मैदान पर खेलेगा और साथ ही यह लंबा दौरा भी होगा। भारतीय टीम वहां वनडे खेल चुकी है और अभी तक उसका दौरा अच्छा रहा है। लेकिन अगर मैं अपना पैसा लगाऊंगा तो वह निश्चित रूप से इंग्लैंड पर होगा। लेकिन यह काफी मुश्किल मुकाबला होगा।’’ 

स्टेन ने कहा,‘‘मुझे लगता है कि इंग्लैंड में मौसम सूखा होगा। इससे काफी रन बनेंगे। लेकिन इंग्लैंड इन हालात का आदी है। घरेलू सीरीज ज्यादातर घरेलू टीम के खाते में ही जाती है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल