वडोदरा: दिल्ली ने गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत आज यहां सैयद मुश्ताक अली टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में कम स्कोर वाले मैच में गोवा को दो विकेट से हराकर नाकआउट में जगह बनाई। दिल्ली को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता मिला लेकिन उसका कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया जिससे पूरी टीम 19.2 ओवर में सिर्फ 91 रन पर ढेर हो गई।
बायें हाथ के स्पिनर शादाब जकाती ने दिल्ली के मध्य और निचले क्रम को ध्वस्त करते हुए 17 रन देकर पांच विकेट चटकाए जबकि अक्षय गर्ग ने भी पांच रन देकर दो विकेट हासिल किए। दिल्ली की टीम कोई बड़ी साझेदारी नहीं कर पाई और उसके सिर्फ तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे। मिलिंद कुमार ने 29 गेंद में सर्वाधिक 19 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज उन्मुक्त चंद ने 15 जबकि शिवम शर्मा ने 12 रन की पारी खेली।
गोवा की टीम इसके जवाब में नौ विकेट पर 89 रन ही बना सकी। गोवा की ओर से सौरभ बांडेकर ने 28 गेंद में सर्वाधिक नाबाद 31 रन बनाए। उनके अलावा सिर्फ स्वप्निल असनोदकर ही दोहरे अंक में पहुंचे जिन्हौंने 21 रन बनाए।
दिल्ली की ओर से तेज गेंदबाज परविंदर अवाना ने 21 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अकाश सुदान ने 10 रन देकर दो विकेट चटकाए जबकि प्रदीप सांगवान, पवन नेगी और सुबोध भाटी को एक एक विकेट मिला। दिल्ली की टीम पांच मैचों में 20 अंक के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है जबकि उसके एक मैच और खेलना है।