1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत, स्टेन की गेंदों ने बरपाया कहर

दक्षिण अफ्रीका की न्यूजीलैंड पर बड़ी जीत, स्टेन की गेंदों ने बरपाया कहर

 Written By: Bhasha
 Published : Aug 30, 2016 09:30 pm IST,  Updated : Aug 30, 2016 09:30 pm IST

दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच 204 रन से करारी शिकस्त देकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से जीत ली। दक्षिण अफ्रीका की इस जीत में तेज गेंदबाज डेल स्टेन की भूमिका अहम रही।

Dell Styens- India TV Hindi
Dell Styens

सेंचुरियन: दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच 204 रन से करारी शिकस्त देकर दो मैचों की सीरीज 1-0 से जीत ली। दक्षिण अफ्रीका की इस जीत में तेज गेंदबाज डेल स्टेन की भूमिका अहम रही जिन्होंने अपने करियर में 26वीं बार एक पारी में पांच या इससे अधिक विकेट लेने का कारनामा किया। 

स्टेन ने 33 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि वर्नोन फिलैंडर और कैगिसो रबादा ने दो दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया जिससे 400 रन के मुश्किल लक्ष्य के सामने न्यूजीलैंड की 195 रन पर ढेर हो गयी। 

अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 481 रन पर समाप्त घोषित करने वाले दक्षिण अफ्रीका ने सुबह दूसरी पारी सात विकेट पर 132 रन पर समाप्त घोषित कर दी थी। न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 214 रन बनाये थे। बड़े लक्ष्य के सामने न्यूजीलैंड की शुरूआत अच्छी नहीं रही और उसने चोटी के चार विकेट 19 गेंद के अंदर सात रन पर गंवा दिये। इनमें कप्तान केन विलियमसन भी शामिल थे। 

हेनरी निकोल्स ने ऐसी विषम परिस्थितियों में 76 रन की जुझारू पारी खेली। बीजे वाटलिंग ने 32 और डग ब्रेसवेल ने 30 रन बनाये लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया। स्टेन ने निकोल्स को रबादा के हाथों कैच कराकर अपना पांचवां विकेट लिया और न्यूजीलैंड की पारी का अंत किया। दक्षिण अफ्रीका की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकाक को मैन आफ द मैच चुना गया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल