चेन्नई: भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा का मानना है कि अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि लघु प्रारूप में भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 2019 में होने वाले विश्व कप तक खेल जारी नहीं रख सकते तो उन्हें विराट कोहली को एकदिवसीय टीम की कमान भी सौंप देनी चाहिए। कोहली इस समय भारत की टेस्ट की कमान सफलतापूर्वक संभाले हुए हैं।
खेल की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आकाश ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय चयनकर्ताओं को 2017 में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद धोनी के भविष्य के बारे में सोचना चाहिए ताकि कोहली को 2 साल का समय मिले। आकाश का मानना है कि धोनी को कोहली की कप्तानी में खेलने में किसी तरह को कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। आकाश ने चेन्नई में खेले जा रहे पांचवें टेस्ट मैच के दौरान कॉमेंट्री करते हुए कहा, ‘हां, धोनी बेशक कोहली के नेतृत्व में खेल सकते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन इसका फैसला चयनकर्ताओं को 2017 में होने वाली चैम्पियंस ट्रॉफी के बाद लेना होगा। अगर वह धोनी को 2019 तक कप्तान के तौर पर नहीं देखते हैं तो कोहली को वर्ल्ड कप से 2 साल पहले कप्तानी सौंपना सही होगा।’ उल्लेखनीय है कि धोनी की कप्तानी में ही भारत ने 2007 में पहला टी-20 वर्ल्ड कप जीता था और फिर 2011 में 50 ओवरों का वर्ल्ड कप 28 साल बाद अपने नाम किया। धोनी की कप्तानी में ही भारत ने पहली बार टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 टीम का दर्जा भी हासिल किया।