पुणे: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक दिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के बाद भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आज यहां एक चैरिटी शो के लिये विशिष्ट क्षमता वाले बच्चों के साथ एक घंटा बिताया।
शारीरिक और मानसिक रूप से अक्षम बच्चों के साथ धोनी कल रात यहां मुकुल महादेव फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में थे । धोनी ने उन्हें तोहफे भी दिये।
धोनी ने खुशी से सराबोर बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई । बच्चों ने रंग बिरंगे कपड़े पहनकर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये ।
मुकुल महादेव फाउंडेशन के अध्यक्ष मशहूर उद्योगपति प्रकाश छाबरिया ने कहा कि इस मौके पर एकत्र धनराशि का प्रयोग वंचित तबके को चिकित्सा और शिक्षा सहायता मुहैया कराने के लिये ट्रस्ट द्वारा किये जा रहे विभिन्न कामों में खर्च किया जायेगा ।