1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शतक से चूकने का दुख नहीं बल्कि इस चीज से निराश हैं पहले टेस्ट के हीरो जर्मेन ब्लैकवुड

शतक से चूकने का दुख नहीं बल्कि इस चीज से निराश हैं पहले टेस्ट के हीरो जर्मेन ब्लैकवुड

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jul 14, 2020 03:10 pm IST,  Updated : Jul 14, 2020 03:10 pm IST

वेस्टइंडीज के बल्लेबाज जर्मेन ब्लैकवुड की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने साउथैम्पटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में मेजबान इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

शतक से चूकने का दुख...- India TV Hindi
शतक से चूकने का दुख नहीं बल्कि इस चीज से निराश हैं पहले टेस्ट के हीरो जर्मेन ब्लैकवुड  Image Source : GETTY

वेस्टइंडीज के बल्लेबाज जर्मेन ब्लैकवुड की पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने साउथैम्पटन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में मेजबान इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

इस मैच की चौथी पारी में 200 रन का लक्ष्य का पीछा करते हुए जर्मेन ब्लैकवुड ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और विंडीज की जीत से थोड़ा पहले ही पवेलियन लौट गए।हालांकि ब्लैकवुड को शतक से चूकने का कोई मलाल नहीं है, लेकिन उन्हें इस चीज से थोड़ी निराशा जरूर है कि वह अपनी टीम को जीत दिलाने तक क्रीज पर नहीं टिक सके।

ब्लैकवुड ने दूसरी पारी में 95 रन बनाए और जब टीम लक्ष्य से महज 11 रन दूर थी तभी वह आउट हो गए। 28 वर्षीय ब्लैकवुड का इंग्लैंड के खिलाफ प्रभावशाली रिकॉर्ड है। इंग्लिश टीम के खिलाफ उनका औसत 50 से अधिक है और उनका एकमात्र शतक भी साल 2015 में एंटीगुआ में इंग्लिश टीम के खिलाफ आया था।

ब्लैकवुड ने जमैका ऑब्जर्वर से कहा, "जब मैं मैच के दौरान उस स्टेज पर आउट हुआ तो अपने आप में बहुत निराश था। जब मैं आउट हुआ तो मैं बहुत भावुक  था, इसलिए नहीं क्योंकि मैं आउट हो गया, ऐसा इसलिए था क्योंकि मैं अपनी टीम की जीत दिलाने तक टिक नहीं सका। मैं शतक के बारे में नहीं सोच रहा था, मैं सिर्फ इस मैच को जीतने और अपनी टीम के बारे में सोच रहा था।"

इंग्लैंड के लिए अब तक 29 टेस्ट मैचों में 1469 रन बना चुके ब्लैकवुड ने अपने कप्तान जेसन होल्डर और कोच फिल सिमंस की भी तारीफ जिन्होंने उन पर इतना भरोसा जताया।

उन्होंने कहा, "जब आप जानते हैं कि कप्तान को आप पर पूरा भरोसा है, तो इससे आपको अच्छा महसूस होता है। मैं अपने अंडर -15 दिनों से जेसन को जानता हूं, इसलिए वह जानते हैं कि मैं क्या करने में सक्षम हूं।"

ब्लैकवुड ने आगे कहा, "जब मैं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने जा रहा था, मुझे दबाव महसूस हुआ। इससे पहले कि मैं बल्लेबाजी करने निकलता, कोच (फिल सिमंस) और कप्तान दोनों ने मुझे सिर्फ अपना स्वाभाविक खेल खेलने के लिए कहा, लेकिन थोड़ा संभलकर।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल