1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. कोहली के आईपीएल कप्तानी रिकॉर्ड की भारत से तुलना न करें : सौरव गांगुली

कोहली के आईपीएल कप्तानी रिकॉर्ड की भारत से तुलना न करें : सौरव गांगुली

 Reported By: Bhasha
 Published : May 14, 2019 10:33 pm IST,  Updated : May 14, 2019 10:33 pm IST

पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने मंगलवार को कहा कि विराट कोहली की आईपीएल की कप्तानी का विश्व कप पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि एकदिवसीय कप्तान के रूप में उनका रिकार्ड अच्छा है।

Do not compare Kohli's IPL captaincy records with India: Sourav Ganguly- India TV Hindi
Do not compare Kohli's IPL captaincy records with India: Sourav Ganguly Image Source : IPL.COM

कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने मंगलवार को कहा कि विराट कोहली की आईपीएल की कप्तानी का विश्व कप पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि एकदिवसीय कप्तान के रूप में उनका रिकार्ड अच्छा है। गांगुली ने कहा कि कोहली के लिये सबसे बड़ा फायदा यह है कि उन्हें दो सफल कप्तानों महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का साथ मिलेगा। 

रायल चैलेंजर्स बेंगलोर की आईपीएल में लगातार नाकामी से कोहली की नेतृत्वक्षमता पर सवाल उठाये जा रहे हैं लेकिन गांगुली ने कहा कि भारतीय कप्तानी पूरी तरह से भिन्न है। 

गांगुली ने एक कार्यक्रम से इतर पीटीआई से कहा, ‘‘विराट कोहली की आईपीएल कप्तानी रिकार्ड की भारत के साथ तुलना मत करो। भारत के लिये उनका कप्तानी रिकार्ड बहुत अच्छा है। उनके साथ रोहित जैसा उप कप्तान है। धोनी टीम में है। इसलिए उन्हें अच्छा सहयोग मिलेगा।’’ 

इस 46 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि 30 मई से इंग्लैंड में शुरू होने वाले विश्व कप में हार्दिक पंड्या भारतीय अभियान में अहम भूमिका निभाएंगे। 

उन्होंने कहा, ‘‘हार्दिक पंड्या अहम भूमिका निभाएंगे। वह बेहतरीन फार्म में है। भारत के लिये वह बहुत महत्वपूर्ण होगा।’’ 

गांगुली ने सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों में भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के अलावा पाकिस्तान को चुना। उन्होंने कहा,‘‘पाकिस्तान का इंग्लैंड में विश्व टूर्नामेंट में रिकार्ड उल्लेखनीय है। दो साल पहले उन्होंने चैंपियन्स ट्रॉफी जीती थी। उसने 2009 में विश्व टी20 भी इंग्लैंड में जीती थी। पाकिस्तान हमेशा इंग्लैंड में अच्छा खेलता रहा है।’’ 

गांगुली ने हालांकि कहा कि कोहली की टीम को पाकिस्तान की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा,‘‘मैं रिकॉर्ड में विश्वास नहीं करता। उस दिन दोनों टीमों को अच्छा प्रदर्शन करना होगा। भारत की टीम बहुत अच्छी है। उसे हराना बहुत मुश्किल होगा। जिस टीम में कोहली, रोहित और शिखर धवन जैसे खिलाड़ी हों उसे कमजोर नहीं कहा जा सकता है।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल