लंदन: इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज डोमिनिक कॉर्क का मानना है कि भारत की रन मशीन विराट कोहली में दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बराबर पहुंचने की क्षमता है। कॉर्क ने यह बात मंगलवार को कोहली द्वारा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एक सत्र में सबसे ज्यादा रन का रिकार्ड बनाने के बाद कही।
आईपीएल से पहले कोहली को भारत में खेले गए टी-20 क्रिकेट विश्व कप में मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। स्काई स्पोर्ट्स ने कॉर्क के हवाले से लिखा, "यह कहना बहुत बड़ी बात होगी कि कोई बल्लेबाज तेंदुलकर की तरह सफल हो सकता है, लेकिन इस समय कोहली हर गेंदबाज को बड़ी आसानी से खेल रहे हैं।" कोर्क ने कहा, "कौन जानता है कि 10 साल बाद हम कहें कि कोहली, सचिन से बेहतर हैं।"
कोहली के आदर्श तेंदुलकर ने 463 एकदिवसीय मैचों में 49 शतकों की मदद से 18,426 रन बनाए हैं। वहीं, 200 टेस्ट मैचों में उन्होंने 51 शतकों की मदद से 15,921 रन बनाए हैं। कोहली ने अभी तक 171 एकदिवसीय मैच खेले हैं और 25 शतकों की मदद से 7,212 रन बनाए हैं। वहीं, अभी तक 41 टेस्ट मैचों में 11 शतकों की मदद से 2,994 रन बनाए हैं।